झारखंड में शराब माफिया बेलगाम, रेड करने गई एक्साइज टीम पर हमला, तस्करों को छुड़ा ले गई भीड़
News India Live, Digital Desk: झारखंड में शराब माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्हें कानून का भी डर नहीं रहा. कोडरमा जिले से एक ऐसी ही चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने गई उत्पाद विभाग (Excise Department) की टीम पर तस्करों और उनके समर्थकों ने हमला कर दिया. भीड़ ने न सिर्फ सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ की, बल्कि गिरफ्तार किए गए तस्करों को भी छुड़ाकर ले गई.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, उत्पाद विभाग को कोडरमा के तिलैया डैम ओपी क्षेत्र के कांटी-बड़कीधमराय गांव में बड़े पैमाने पर अवैध महुआ शराब बनाए जाने की सूचना मिली थी इस पर सोमवार देर शाम विभाग की एक टीम ने गांव में दबिश दी. टीम ने मौके से 40 लीटर महुआ शराब और बीयर के साथ अनिल महतो और धनुकी महतो नाम के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया.
गाड़ी पंक्चर होने का फायदा उठाकर किया हमला
जब टीम गिरफ्तार आरोपियों को लेकर लौट रही थी, तो रास्ते में उनकी गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया. इसी दौरान वहां अफवाह फैला दी गई कि उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्कर नहीं, बल्कि चोर हैं. यह सुनते ही आसपास के कई गांवों के 60-70 लोग बाइक पर सवार होकर आ गए और टीम को घेर लिया
ईंट-पत्थर से हमला, फाड़ दिए वर्दी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीड़ पूरी तरह से उग्र थी. उन्होंने उत्पाद विभाग के अधिकारियों और जवानों पर ईंट-पत्थरों से हमला करना शुरू कर दिया.इस हमले में टीम के वाहन के शीशे टूट गए और उसे काफी नुकसान पहुंचाया गया भीड़ ने टीम के साथ मारपीट की और उनकी वर्दी तक फाड़ दी.इस अफरातफरी का फायदा उठाकर भीड़ गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों को जबरन छुड़ा ले गई. टीम ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई.
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे. उत्पाद विभाग की ओर से इस मामले में बरही थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. यह घटना दिखाती है कि इलाके में शराब माफिया कितने बेखौफ होकर अपना अवैध कारोबार चला रहे हैं.