जींद : चरस सप्लाई करने का मुख्य आरोपित तीन साल बाद काबू

जींद, 6 मई (हि.स.)। पुलिस ने तीन वर्ष बाद नशा तस्करी करने के एक आरोपित को सोमवार को काबू किया है। पकड़े गए आरोपित की पहचान सोनीपत के मंदोरी निवासी सुनील हाल आबाद राम नगर रोहतक रोड के रुप में हुई। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपित से उसके द्वारा कहां पर सप्लाई किया गया था। उन ठिकानों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

20 मार्च 2021 को सीआईए स्टाफ की टीम ने पिंडारा में निर्माणधीन पुल के पास नाकाबंदी शुरू कर रोहतक रोड रामनगर कालोनी निवासी मनीष व उसके पिता स्वरूप सिंह को दो किलो 40 ग्राम सुल्फे के साथ गिरफ्तार किया था। सिविल लाइन थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया था कि वह यह सुल्फा सोनीपत के मंदोरी निवासी सुनील हाल आबाद राम नगर रोहतक रोड जींद से खरीदा था।

पुलिस ने सप्लायर का नाम सामने आते ही आरोपित सुनील के ठिकानों पर दबिश शुरू की थी। जिसके चलते पुलिस ने आरोपित को तीन वर्ष बाद गिरफ्तार किया। आरोपित ने बताया कि वह मार्च 2021 में दिल्ली यमुनापार झुग्गियों से 2 किलो 500 ग्राम चरस खरीद कर लाया था। उसमें से कुछ सुल्फा पीने वालों को बेच दिया और 2 किलो 40 ग्राम सुल्फा उसने स्वरूप सिंह को बेच दिया। पुलिस ने सोमवार को आरोपित को अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी को दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।