IP University Admission 2026 : इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी में दाखिले का शंखनाद, 24 नए कोर्सेज और 40,000 सीटों के साथ ब्रोशर जारी
News India Live, Digital Desk: IP University Admission 2026 : दिल्ली में उच्च शिक्षा का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राजधानी के प्रतिष्ठित गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपना आधिकारिक एडमिशन ब्रोशर जारी कर दिया है। इस बार आईपी यूनिवर्सिटी (IP University) न केवल 40,000 से अधिक सीटों के साथ तैयार है, बल्कि 24 नए जमाने के प्रोफेशनल कोर्सेज की शुरुआत कर छात्रों को करियर के आधुनिक अवसर भी दे रही है।
2 फरवरी से खुलेगा पोर्टल, ₹2,500 होगी फीस
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, स्नातक (UG), परास्नातक (PG) और पीएचडी कार्यक्रमों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 2 फरवरी 2026 से शुरू हो जाएगी। इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल ipu.ac.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण और काउंसलिंग में भागीदारी के लिए उम्मीदवारों को 2,500 रुपये का आवेदन शुल्क जमा करना होगा।
इन 24 नए कोर्सेज की रहेगी धूम, रोबोटिक्स से साइकोलॉजी तक विकल्प
आईपी यूनिवर्सिटी ने इस बार इंडस्ट्री की डिमांड को देखते हुए 24 नए पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। इनमें मैनेजमेंट, हेल्थ और टेक्नोलॉजी से जुड़े कोर्सेज शामिल हैं:
मैनेजमेंट व टेक: बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (BMS), एम.टेक (रोबोटिक्स एंड एआई) और बी.टेक (इंडस्ट्रियल केमिस्ट्री)।
हेल्थ साइंसेज: बीएससी क्लिनिकल साइकोलॉजी और बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी।
स्पेशल एजुकेशन: बीए-बी.एड (विशेष और समावेशी शिक्षा) जिसमें ऑटिज्म और दृष्टिबाधित विशेषज्ञता दी जाएगी।
वर्किंग प्रोफेशनल्स: कामकाजी लोगों के लिए एमए मास कम्युनिकेशन (वीकेंड मोड) जैसे कोर्स भी शुरू किए गए हैं।
दिल्ली के छात्रों के लिए 85% सीटें आरक्षित
इस साल विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों की संख्या बढ़कर 130 से अधिक हो गई है। खास बात यह है कि कुल सीटों में से 85% सीटें दिल्ली के छात्रों के लिए आरक्षित रहेंगी। इसके अलावा, 9 नए संस्थानों को भी इस साल संबद्धता दी गई है, जिसमें दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट और स्वामी दयानंद अस्पताल जैसे बड़े सरकारी चिकित्सा संस्थान शामिल हैं।
कैसे मिलेगा एडमिशन? JEE Main से लेकर CUET तक का समीकरण
आईपीयू में दाखिले के लिए एक त्रिस्तरीय चयन प्रक्रिया अपनाई गई है:
नेशनल लेवल टेस्ट: इंजीनियरिंग के लिए JEE Main, मेडिकल के लिए NEET, मैनेजमेंट के लिए CAT, लॉ के लिए CLAT और कंप्यूटर एप्लिकेशन के लिए NIMCET के स्कोर को पहली प्राथमिकता दी जाएगी।
IPU CET: जिन कोर्सेज के लिए नेशनल लेवल टेस्ट नहीं होते, उनके लिए यूनिवर्सिटी अपनी सामान्य प्रवेश परीक्षा (CET) अप्रैल और मई 2026 में आयोजित करेगी।
CUET की एंट्री: इस साल एक बड़ा बदलाव करते हुए विश्वविद्यालय ने निर्णय लिया है कि बी.टेक सहित अन्य कोर्सेज की खाली सीटों को CUET स्कोर के माध्यम से भरा जाएगा।
सात समंदर पार खुलेगा IPU का नया कैंपस
विश्वविद्यालय अपनी वैश्विक पहचान बनाने के लिए दक्षिण अमेरिका के गुयाना में अपना पहला 'ऑफ-शोर' कैंपस स्थापित करने जा रहा है। इससे आईपी यूनिवर्सिटी की डिग्री अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी अधिक प्रभावशाली हो जाएगी।