India AI Summit 2026: बिल गेट्स का भाषण रद्द! अब पीएम मोदी और मुकेश अंबानी पर टिकी नजरें, जानें क्या है वजह

Post

नई दिल्ली। देश की राजधानी में चल रहे टेक्नोलॉजी के महाकुंभ यानी 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026' (India AI Impact Summit 2026) के चौथे दिन एक बड़ा और चौंकाने वाला बदलाव सामने आया है। भारत मंडपम में आज पूरी दुनिया की निगाहें माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स पर टिकी थीं, लेकिन खबर आई है कि बिल गेट्स आज अपना तयशुदा मुख्य भाषण (Keynote Speech) नहीं देंगे। आयोजकों ने आज सुबह ही शेड्यूल में इस बड़े बदलाव की जानकारी दी है।

आखिर क्यों पीछे हटे बिल गेट्स? अब कौन संभालेगा मोर्चा

आयोजकों की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कार्यक्रम की 'मुख्य प्राथमिकताओं' पर फोकस बनाए रखने के लिए यह फैसला लिया गया है। हालांकि, गेट्स फाउंडेशन इस महासम्मेलन से नदारद नहीं रहेगा। बिल गेट्स की जगह अब फाउंडेशन के अफ्रीका और भारत कार्यालयों के अध्यक्ष अंकुर वोरा (Ankur Vora) मोर्चा संभालेंगे। वोरा आज दोपहर बाद समिट को संबोधित करेंगे, जहां वे स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका पर प्रकाश डालेंगे।

सुबह 10:25 पर गूंजेगी पीएम मोदी की आवाज

भले ही बिल गेट्स मंच पर न हों, लेकिन समिट का रोमांच कम नहीं होने वाला है। आज का दिन इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद भारत मंडपम में मौजूद रहेंगे। केंद्रीय आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव सत्र का आगाज करेंगे, जिसके ठीक बाद सुबह 10:25 बजे पीएम मोदी देश और दुनिया को संबोधित करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी अपने भाषण में भारत के 'सोवरेन एआई' (Sovereign AI) विजन और कल लॉन्च हुए तीन स्वदेशी एआई मॉडल्स की उपलब्धियों पर बात कर सकते हैं।

अंबानी से लेकर ऑल्टमैन तक... आज लगेगा दिग्गजों का मेला

समिट के चौथे दिन भारत मंडपम में ग्लोबल टेक लीडर्स का जमावड़ा लगा रहेगा। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और एआई की दुनिया में क्रांति लाने वाले OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन (Sam Altman) भी आज विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। ये दिग्गज नेता एआई के वैश्विक प्रभाव, भविष्य की चुनौतियों और इस क्षेत्र में भारत की बढ़ती धमक पर मंथन करेंगे।