BREAKING:
April 05 2026 06:39 am

Hyderabad LPG Racket: हैदराबाद के बंजारा हिल्स में बड़े गैस सिंडिकेट का भंडाफोड़, 414 सिलेंडर जब्त; 10 आरोपी गिरफ्तार

Post

हैदराबाद पुलिस ने शहर के पॉश इलाके बंजारा हिल्स में चल रहे एक बड़े अवैध एलपीजी (LPG) रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस की जुबली हिल्स जोन टास्क फोर्स ने एक गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर कम से कम 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान भारी मात्रा में गैस सिलेंडर और गाड़ियां बरामद की गई हैं, जिनकी कुल बाजार कीमत करीब 21.88 लाख रुपये आंकी गई है। यह गिरोह सरकार द्वारा निर्धारित कीमतों से कहीं अधिक दाम पर जरूरतमंदों को गैस सिलेंडर बेचकर अवैध मुनाफा कमा रहा था।

शमशाबाद की गैस एजेंसी से जुड़ा है मुख्य आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे गोरखधंधे का मास्टरमाइंड 42 वर्षीय मोहम्मद आमिर है। आमिर शमशाबाद में 'मेट्रो गैस एजेंसी' नाम से एक अधिकृत एजेंसी संचालित करता है। वह अपनी ही एजेंसी से अवैध रूप से सिलेंडर निकालकर नागार्जुन एक्स रोड के पास एक कब्रिस्तान में छिपाकर रखता था। इस काम में उसने कई ड्राइवरों, कर्मचारियों और मजदूरों को भी शामिल कर रखा था। कब्रिस्तान जैसी सुनसान जगह का इस्तेमाल स्टॉक डंप करने के लिए किया जा रहा था ताकि किसी को शक न हो।

छापेमारी में 414 सिलेंडर और 10 गाड़ियां बरामद

पुलिस ने छापेमारी के दौरान अलग-अलग क्षमता के कुल 414 सिलेंडर जब्त किए हैं। इनमें 30 बड़े कमर्शियल सिलेंडर (47 किलो), 148 मध्यम सिलेंडर (19 किलो) और 35 छोटे सिलेंडर (5 किलो) शामिल हैं। इसके अलावा 200 से अधिक खाली सिलेंडर भी बरामद हुए हैं। गिरोह के पास से तस्करी में इस्तेमाल होने वाले 10 वाहन भी जब्त किए गए हैं, जिनमें 2 डीसीएम वैन, 2 बोलेरो, 1 टाटा ऐस और 4 ऑटो रिक्शा शामिल हैं।

जरूरतमंदों की मजबूरी का फायदा उठा रहा था गिरोह

डीसीपी वैभव रघुनाथ गायकवाड़ ने बताया कि यह गिरोह सुरक्षा नियमों और एलपीजी वितरण के सभी मानदंडों की धज्जियां उड़ा रहा था। आरोपी उन ग्राहकों को निशाना बनाते थे जिन्हें तुरंत गैस सिलेंडर की आवश्यकता होती थी। उनसे सरकारी रेट से दोगुने या उससे भी अधिक दाम वसूले जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों में गैस डिलीवरी करने वाले स्टाफ के अलावा वह जमीन मालिक भी शामिल है जिसने सिलेंडरों को छिपाने के लिए अपनी जगह किराए पर दी थी।

डीसीपी की चेतावनी: अवैध भंडारण से हो सकता है बड़ा हादसा

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद डीसीपी ने जनता को आगाह किया कि एलपीजी सिलेंडरों का इस तरह अवैध और असुरक्षित तरीके से भंडारण करना जानलेवा साबित हो सकता है। इससे किसी भी वक्त भीषण आग लग सकती है या बड़ा धमाका हो सकता है। पुलिस ने अपील की है कि लोग केवल अधिकृत डीलरों से ही गैस सिलेंडर खरीदें और यदि कहीं भी अवैध बिक्री या कालाबाजारी की सूचना मिले, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें।