मेक्सिको में ड्रग माफिया अल मेन्चो के खात्मे के बाद भारी हिंसा, भारतीय दूतावास ने जारी की Shelter in Place एडवाइजरी
News India Live, Digital Desk: मेक्सिको के सबसे खूंखार और वॉन्टेड ड्रग माफिया 'अल मेन्चो' (Nemesio Oseguera Cervantes) के सैन्य ऑपरेशन में मारे जाने के बाद पूरे देश में अराजकता का माहौल है। इस घटना के बाद भड़की हिंसा और सड़कों पर हो रहे उपद्रव को देखते हुए मेक्सिको स्थित भारतीय दूतावास (Embassy of India in Mexico) ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक आपातकालीन सुरक्षा चेतावनी जारी की है।
दूतावास ने दी 'घर के अंदर रहने' की सलाह
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर जानकारी साझा करते हुए भारतीयों को 'Shelter in Place' (जहाँ हैं, वहीं सुरक्षित रहें) का पालन करने को कहा है। दूतावास ने विशेष रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों में रह रहे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है:
जालिस्को (Jalisco): प्यूर्टो वालार्टा, चपाला और गुआडालाजारा क्षेत्र।
तामुलिपस (Tamaulipas): रेनोसा और अन्य नगरपालिका क्षेत्र।
अन्य प्रभावित राज्य: मिचोआकन, ग्युरेरो और नुएवो लियोन।
भारतीय नागरिकों के लिए मुख्य दिशा-निर्देश:
भीड़भाड़ से बचें: सार्वजनिक स्थानों और भीड़ वाले इलाकों में जाने से पूरी तरह बचें।
सुरक्षा बलों की गतिविधियों से दूर रहें: जहाँ सुरक्षा अभियान चल रहे हों, वहाँ बिल्कुल न जाएं।
स्थानीय मीडिया पर नज़र रखें: ताजा अपडेट के लिए स्थानीय समाचारों को फॉलो करते रहें।
आपातकालीन संपर्क: किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत '911' डायल करें या भारतीय दूतावास के हेल्पलाइन नंबर +52 55 4847 7539 पर संपर्क करें।
परिजनों को सूचित रखें: अपनी लोकेशन और कुशलता के बारे में परिवार और दोस्तों को फोन या सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते रहें।
क्यों भड़की है मेक्सिको में हिंसा?
रविवार को मेक्सिकन सेना ने एक बड़े सैन्य ऑपरेशन में 'जालिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल' (CJNG) के प्रमुख अल मेन्चो को मार गिराया। वह अमेरिका और मेक्सिको दोनों देशों के लिए मोस्ट वॉन्टेड था और उस पर 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम था। उसकी मौत के बाद उसके गिरोह के सदस्यों ने कई राज्यों में आगजनी की, सड़कों को ब्लॉक कर दिया और सुरक्षा बलों पर हमले शुरू कर दिए हैं। कई शहरों में सार्वजनिक परिवहन भी निलंबित कर दिया गया है।