बिना चीनी-गुड़ के घर पर बनाएं ये पौष्टिक आहार; खाने के नखरे होंगे खत्म
अक्सर माताओं की सबसे बड़ी चिंता यह होती है कि उनका बच्चा बहुत दुबला-पतला है और बाहर का 'जंक फूड' तो शौक से खाता है, लेकिन घर का पौष्टिक खाना खाने में हजार नखरे करता है। 1 से 5 साल की उम्र बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में उन्हें जरूरी पोषक तत्व मिलना बहुत जरूरी है। अगर आप भी इसी समस्या से जूझ रही हैं, तो यूट्यूब कंटेंट क्रिएटर पूनम देवनानी द्वारा सुझाई गई यह 'मैजिकल लड्डू' रेसिपी आपकी सारी चिंता दूर कर देगी।
क्यों खास हैं ये हेल्दी लड्डू
इन लड्डुओं की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें चीनी या गुड़ का बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं किया गया है। इसमें अंजीर, खुबानी, बादाम, छुहारा और किशमिश जैसे सुपरफूड्स का उपयोग किया गया है, जो न केवल बच्चे का वजन बढ़ाने में मदद करते हैं, बल्कि उनमें आयरन, कैल्शियम और प्रोटीन की कमी को भी पूरा करते हैं। गेहूं का आटा बच्चे का पेट भरने और उन्हें लंबे समय तक ऊर्जावान बनाए रखने में मददगार है।
सामग्री (Ingredients)
इन लड्डू को बनाने के लिए आपको चाहिए:
-
1.5 कप गेहूं का आटा
-
10 सूखे अंजीर और 10 सूखी खुबानी
-
30-35 बादाम (ममरा)
-
8-9 छुहारे (बीज निकले हुए)
-
1/2 कप किशमिश
-
1/2 कप शुद्ध देसी घी (1/4 कप + 1/4 कप)
बनाने की आसान विधि (Step-by-Step Recipe)
-
भिगोना और पेस्ट बनाना: अंजीर और खुबानी को साफ पानी से धोकर 2-3 घंटे के लिए भिगो दें। फूल जाने के बाद इनका बारीक पेस्ट तैयार कर लें।
-
ड्राई फ्रूट्स का पाउडर: बादाम और छुआरे को मिक्सर में अलग-अलग पीसकर दरदरा पाउडर बना लें।
-
आटा भूनना: एक कड़ाही में घी डालें और गेहूं के आटे को धीमी आंच पर 15-20 मिनट तक सुनहरा होने तक भूनें।
-
मिक्सचर तैयार करना: एक अन्य पैन में घी डालकर अंजीर-खुबानी के पेस्ट को भूनें जब तक कि घी अलग न होने लगे। अब इसमें भुना हुआ आटा, बादाम और छुहारे का पाउडर मिलाएं। अंत में किशमिश डालकर अच्छी तरह चलाएं।
-
लड्डू बांधना: मिश्रण को हल्का ठंडा होने दें और छोटे-छोटे लड्डू तैयार कर लें।
कैसे और कब खिलाएं
इन लड्डुओं को एक एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में रखें। रोजाना खिलाने से 15 मिनट पहले इन्हें बाहर निकाल लें। अगर बच्चे की उम्र 5 साल से अधिक है तो एक लड्डू और उससे कम है तो आधा लड्डू देना पर्याप्त है। याद रखें, बच्चे को कभी भी खाली पेट यह लड्डू न दें। यह लड्डू न केवल बच्चे का वजन बढ़ाएंगे, बल्कि उन्हें एक्टिव और हेल्दी भी रखेंगे।