post-slider

प्रेग्नेंसी में कमर दर्द और अनिद्रा से हैं परेशान, रोज करें ये खास योग, मिलेंगे हैरान कर देने वाले फायदे

गर्भावस्था का सफर जितना खूबसूरत होता है, उतनी ही चुनौतियां भी लेकर आता है। जैसे-जैसे वजन बढ़ता है, शरीर में दर्द, हार्मोनल बदलाव और रात-रात भर करवट बदलते हुए नींद न आने की समस्या आम हो जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक नियमित 'योग' अभ्यास आपकी इन तमाम परेशानियों को दूर कर सकता है? एक्सपर्ट्स के अनुसार, 'प्रीनेटल योग' (Prenatal Yoga) न केवल शरीर को आराम देता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर प्रसव (Delivery) की प्रक्रिया को भी आसान बनाता है।

शारीरिक और मानसिक शांति का अचूक नुस्खा

डॉ. नेहा शुक्ला बताती हैं कि गर्भावस्था में एक सक्रिय जीवनशैली बनाए रखना मां और बच्चे दोनों के लिए बेहद जरूरी है। प्रीनेटल योग में नियंत्रित श्वास (Breathing), हल्की स्ट्रेचिंग और रिलैक्सेशन तकनीकों का उपयोग किया जाता है। यह न सिर्फ आपके शरीर की मांसपेशियों को मजबूत करता है, बल्कि प्रसव से जुड़ी चिंताओं, भविष्य की जिम्मेदारियों और हार्मोनल उतार-चढ़ाव के कारण होने वाले तनाव को कम कर मन को शांत रखने में मदद करता है। नियमित अभ्यास से महिलाओं में आत्मविश्वास और भावनात्मक संतुलन बना रहता है।

प्राणायाम: प्रसव के समय का सबसे बड़ा सहारा

प्रीनेटल योग का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा प्राणायाम है। गहरी और नियंत्रित सांस लेने की तकनीकें शरीर में ऑक्सीजन के प्रवाह (Blood Flow) को बेहतर बनाती हैं। ये ब्रीदिंग एक्सरसाइज प्रसव के दौरान महिलाओं को शांत और केंद्रित रहने में मदद करती हैं। इसके अलावा, जैसे-जैसे प्रेग्नेंसी आगे बढ़ती है, पीठ, कमर और कूल्हों पर दबाव बढ़ने लगता है। विशेष योगासन न केवल शरीर की लचक बढ़ाते हैं, बल्कि सही पोस्चर बनाए रखकर कमर दर्द, शरीर की जकड़न और सूजन जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में मददगार साबित होते हैं।

योग शुरू करने से पहले रखें इन बातों का ध्यान

योग के कई फायदे हैं, लेकिन गर्भावस्था एक संवेदनशील अवस्था है, इसलिए हर योगासन सुरक्षित नहीं होता। डॉ. नेहा शुक्ला के अनुसार, गहरे ट्विस्ट, कठिन बैकबेंड और ज्यादा तीव्र व्यायाम से हमेशा बचना चाहिए। विशेष रूप से जिन महिलाओं को हाई बीपी, गंभीर एनीमिया, प्लेसेंटा प्रिविया या समय से पहले प्रसव (Preterm Labor) का खतरा हो, उन्हें बहुत सावधानी बरतनी चाहिए। बिना डॉक्टर और किसी प्रशिक्षित योग एक्सपर्ट की सलाह के योग शुरू न करें। सही गाइडेंस में किया गया योग आपकी प्रेग्नेंसी को एक खुशनुमा अनुभव बना सकता है।

 

Tags:

Latest Posts