झारखंड में लोकतंत्र के नाम पर लूटतंत्र की सरकार : संजय सेठ

रांची, 06 मई (हि.स.)। रांची के सांसद संजय सेठ ने कहा कि आईएनडीआई गठबंधन सरकार के एक मंत्री के पीएस के घर से जिस तरह रुपये बरामद हुए हैं उससे झारखंड फिर शर्मसार हुआ है। झारखंड के लिए यह बहुत ही दुर्भाग्य की बात है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जमीन घोटाले में जेल में है। उनके अधिकारी मनी लॉन्ड्रिंग के केस में जेल में हैं। आज उनके मंत्री आलमगीर आलम के पीएस के यहां 30 करोड़ से अधिक नकदी बरामद होती है।

सांसद ने सोमवार को कहा कि झारखंड इकलौता राज्य है जहां भ्रष्टाचार की सालगिरह मनाई जाती है। दो साल पहले आज ही के दिन देश ने भ्रष्टाचार की पूजा देखा था। अब देश भ्रष्टाचार का आलम देख रहा है। झारखंड में लोकतंत्र के नाम पर लूटतंत्र की सरकार चल रही है। झारखंड की सरकार ने यहां की गरीब जनता की जमीन लूटी, उनका हक छीना, सेना की जमीन लूटी, यहां के खनिज संपदा को लूट और तो और यहां के बालू तक को लूट कर तिजोरी भर ली।

सेठ ने कहा कि दूसरी ओर नरेन्द्र मोदी गरीबों के मसीहा हैं। उन्होंने अभी तक 25 करोड़ लोगों के जीवन में परिवर्तन लाया। इसलिए झारखंड को बचाने के लिए नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएं। सांसद ने कहा कि निष्पक्ष जांच कर मंत्री आलमगीर आलम को अविलंब गिरफ्तार किया जाना चाहिए। झारखंड की जनता ने इनके चाल, चरित्र और चेहरे को देख लिया है। इस लोकसभा और विधानसभा के चुनाव में झारखंड की जनता इन्हें मुंहतोड़ जवाब देगी।