BREAKING:
April 14 2026 09:59 pm

Global Market Update: सीजफायर पर संकट से बाजार में हाहाकार, गिफ्ट निफ्टी 150 अंक टूटा; एशियाई बाजारों में छाई मायूसी

Post

बिजनेस डेस्क: वैश्विक बाजारों से आज निराशाजनक संकेत मिल रहे हैं। पश्चिम एशिया (Middle East) में सीजफायर समझौते के खतरे में पड़ने की खबरों ने निवेशकों की नींद उड़ा दी है। ईरान की ओर से समझौते की शर्तों के उल्लंघन के आरोपों के बाद बाजार में फिर से घबराहट (Panic Selling) का माहौल है। इसका सीधा असर भारतीय बाजार की शुरुआत पर भी दिख रहा है, जहां गिफ्ट निफ्टी (Gift Nifty) 150 अंकों से ज्यादा की भारी गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।

एशियाई बाजारों में बिकवाली का दबाव

गुरुवार की सुबह एशियाई बाजारों के लिए काफी कमजोर रही। ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद-बाघेर ग़ालिबफ़ के उस बयान ने आग में घी का काम किया, जिसमें उन्होंने कहा कि सीजफायर प्रस्ताव के तीन क्लॉज का पहले ही उल्लंघन किया जा चुका है।

जापान का निक्केई: 0.50% की गिरावट के साथ 56,025 के स्तर पर।

कोस्पी (दक्षिण कोरिया): 1.27% की भारी कमजोरी।

हैंगसेंग (हांगकांग): 0.48% नीचे फिसला।

शंघाई कम्पोजिट: 0.83% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।

अमेरिकी बाजार: बुधवार की तेजी पर फिरा पानी?

हैरानी की बात यह है कि एक दिन पहले बुधवार को अमेरिकी बाजारों में जबरदस्त तेजी देखी गई थी। सीजफायर की खबर से खुश होकर डॉव जोन्स 1,326 अंक (2.85%) उछलकर बंद हुआ था, जबकि नैस्डैक में 2.80% की तेजी आई थी। एनवीडिया, अमेज़न और एप्पल जैसे दिग्गज शेयरों में 2% से ज्यादा की बढ़त रही थी। लेकिन आज सुबह 'डाओ फ्यूचर्स' और 'S&P 500 कॉन्ट्रैक्ट्स' में गिरावट यह संकेत दे रही है कि वह तेजी अब खत्म हो रही है।

कच्चे तेल में उबाल और डॉलर की चाल

मिडिल ईस्ट में तनाव और होर्मुज स्ट्रेट (Hormuz Strait) के आंशिक रूप से ब्लॉक रहने के कारण कच्चे तेल की कीमतों में फिर से आग लग गई है। ब्रेंट क्रूड 2.73% उछलकर $97.34 प्रति बैरल पर पहुंच गया है। तेल की कीमतों में यह तेजी भारत जैसे आयात निर्भर देशों के लिए चिंता का विषय है। वहीं, डॉलर इंडेक्स में हल्की मजबूती देखी जा रही है और यह 99.09 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

सीजफायर पर संशय के बीच कूटनीति

व्हाइट हाउस ने घोषणा की है कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस्लामाबाद में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे और शनिवार से ईरान के साथ सीधी बातचीत का पहला दौर शुरू होगा। हालांकि, जमीन पर हालात अलग हैं। इजरायल ने लेबनान पर बड़ा हमला किया है, जिससे ईरान ने बदले की धमकी दी है। इस अनिश्चितता के बीच निवेशक अब 'सेफ हेवन' (Safe Haven) एसेट्स की ओर रुख कर रहे हैं।