Galgotias University Row : AI समिट में चीनी रोबोडॉग पर मचा बवाल, गलगोटिया यूनिवर्सिटी को प्रदर्शनी से बाहर करने का आदेश
News India Live, Digital Desk: दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'India AI Impact Summit 2026' में उस समय हड़कंप मच गया जब एक रोबोटिक कुत्ते (Robodog) को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। गलगोटिया यूनिवर्सिटी (Galgotias University) पर आरोप लगे हैं कि उसने चीन में बने एक कमर्शियल रोबोट को अपना 'स्वदेशी आविष्कार' बताकर पेश किया। विवाद इतना बढ़ा कि सरकारी सूत्रों के अनुसार, यूनिवर्सिटी को तुरंत अपना स्टॉल खाली करने और एक्सपो से बाहर जाने का आदेश दे दिया गया है।
कैसे शुरू हुआ 'ओरियन' बनाम 'यूनिट्री' विवाद?
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब गलगोटिया यूनिवर्सिटी की एक प्रोफेसर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में वे 'ओरियन' (Orion) नाम के एक रोबोडॉग के फीचर्स समझाते हुए दावा कर रही थीं कि इसे यूनिवर्सिटी के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' ने विकसित किया है।
हालांकि, टेक एक्सपर्ट्स और नेटिजन्स ने तुरंत पहचान लिया कि यह असल में चीन की मशहूर रोबोटिक्स कंपनी Unitree का 'Go2' मॉडल है, जो बाजार में करीब 2-3 लाख रुपये में आसानी से उपलब्ध है। इसके बाद यूनिवर्सिटी पर 'मेड इन चाइना' तकनीक को भारतीय इनोवेशन बताकर पेश करने के गंभीर आरोप लगे।
यूनिवर्सिटी की सफाई: "हमने कभी दावा नहीं किया"
विवाद गहराते ही गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने आधिकारिक बयान जारी कर सफाई दी। यूनिवर्सिटी ने कहा:
"हमने यह रोबोडॉग बनाया नहीं है और न ही कभी ऐसा दावा किया है। यह यूनिट्री से खरीदा गया एक टूल है, जिसे हम 'चलता-फिरता क्लासरूम' मानते हैं ताकि हमारे छात्र आधुनिक तकनीक से सीख सकें। हमारा मकसद छात्रों को प्रेरित करना है।"
हालांकि, सोशल मीडिया पर 'X Community Note' ने यूनिवर्सिटी के इस दावे को भ्रामक बताया है, क्योंकि वायरल वीडियो में स्टाफ इसे यूनिवर्सिटी का प्रोडक्ट बताते साफ सुना जा सकता है।
राजनीति भी गरमाई, विपक्ष ने साधा निशाना
इस घटना ने राजनीतिक मोड़ भी ले लिया है। कांग्रेस और विपक्ष के नेताओं ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने समिट को 'अव्यवस्थित PR तमाशा' करार देते हुए कहा कि भारत के टैलेंट के बजाय चीनी प्रोडक्ट्स को बढ़ावा दिया जा रहा है। चीनी मीडिया ने भी इस विवाद को लेकर भारत पर तंज कसे हैं, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।
क्या है Unitree Go2 की खासियत?
जिस रोबोट को लेकर यह सारा बवाल है, वह 4D LiDAR सेंसर से लैस है। यह सीढ़ियां चढ़ने, ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चलने और AI के जरिए इंसानी कमांड्स को समझने में सक्षम है। इसे दुनिया भर में रिसर्च और एजुकेशन के लिए इस्तेमाल किया जाता है।