गृह मंत्री का फेक वीडियो कांग्रेस के पतन की पराकाष्ठा: महेंद्र भट्ट

देहरादून, 30 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा ने केन्द्रीय गृह मंत्री के एक फेक वीडियो प्रसारित करने पर प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की बेहद शर्मनाक हरकत और राजनीति में नैतिक पतन की पराकाष्ठा बताया है।

मंगलवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के एक सीएम और इलेक्शन वार कॉर्डिनेटर का नाम इस साजिश में आने से पुन: साबित हुआ है कि कांग्रेस का हाथ षड्यंत्रकारियों के साथ है। एक सवाल के जबाव में महेंद्र भट्ट ने कहा कि कांग्रेस और उनके सहयोगी, चुनाव में हार निश्चित जानकर बौखला गए हैं। जिसका दुर्भाग्यपूर्ण उदाहरण है गृह मंत्री अमित शाह का वो फेक वीडियो, जिसमें संलिप्ता के आरोप आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और असम में कांग्रेस वार रूम के कॉर्डिनेटर पर लगे हैं। एक राज्य के मुखिया और प्रदेश अध्यक्ष का देश समाज बांटने वाले इस फर्जीवाड़े को आगे बढ़ाना बेहद गंभीर और चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के चार सौ पार के नारे से विपक्ष पूरी तरह हताश है। यही वजह है कि वे लगातार भ्रम फैला रहे हैं कि प्रचंड बहुमत का इस्तेमाल भाजपा आरक्षण हटाने के लिए करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रसे ने जहां जहां बहुमत मिला, वहां एससी, एसटी, ओबीसी का अधिकार छीन कर मुस्लिमों को देने का काम किया। जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा ने पूर्ण बहुमत का प्रयोग कर कश्मीर में अनुच्छेद 370 खत्म किया, कोरोना के खिलाफ लड़े, अंग्रेजों के कानून बदलकर भारतीय पद्धति के कानून लाने और ट्रिपल तलाक को खत्म करने का काम किया है। इसके अतिरिक्त कोर्ट से आदेश के बाद राम मंदिर बनाने में भी हमारी सरकार ने भूमिका निभाई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के बड़े नेता फेक वीडियो फैलाने और भ्रमित करने वाले बयानों की रणनीति अपनाने में जुटे हैं ।