Fact Check: क्या डैंड्रफ भी हो सकता है HIV का संकेत? नाई के ब्लेड से संक्रमण के दावे पर जानें क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
हेल्थ डेस्क, नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक डॉक्टर ने दावा किया है कि उनके पास आया एक 'डैंड्रफ' का मरीज जांच के बाद HIV पॉजिटिव निकला। वीडियो में यह भी कहा गया कि मरीज को यह संक्रमण नाई की दुकान पर इस्तेमाल किए गए पुराने ब्लेड से हुआ था। इस दावे ने आम लोगों के बीच डर पैदा कर दिया है।
क्या सच में मामूली डैंड्रफ किसी जानलेवा बीमारी का संकेत हो सकता है? और क्या नाई की दुकान पर जाना जोखिम भरा है? आइए जानते हैं इस वायरल दावे का सच।
क्या डैंड्रफ और HIV के बीच कोई संबंध है?
विशेषज्ञों के अनुसार, डैंड्रफ या सेबोरिक डर्मेटाइटिस (Seborrheic Dermatitis) एक बहुत ही आम समस्या है। स्किन एवेन्यू क्लिनिक की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. शिवानी यादव के मुताबिक:
आम समस्या: डैंड्रफ के अधिकांश मामलों का HIV से कोई लेना-देना नहीं होता। यह तनाव, तेल ग्रंथियों की सक्रियता या फंगल इंफेक्शन के कारण हो सकता है।
गंभीरता का अंतर: HIV संक्रमित व्यक्तियों में शरीर की इम्यूनिटी कम होने के कारण डैंड्रफ की समस्या बहुत ज्यादा गंभीर और जिद्दी हो सकती है।
पहचान: अगर डैंड्रफ सिर्फ सिर तक सीमित न रहकर चेहरे, छाती और पीठ तक फैल जाए और सामान्य एंटी-डैंड्रफ शैंपू से ठीक न हो, तो यह कमजोर इम्यूनिटी का संकेत हो सकता है। लेकिन इसे केवल डैंड्रफ के आधार पर HIV नहीं माना जा सकता।
नाई का ब्लेड और HIV: कितना है खतरा?
वायरल वीडियो में दावा किया गया कि नाई के ब्लेड से लगे मामूली कट ने मरीज को HIV संक्रमित कर दिया। हालांकि, विज्ञान कुछ और कहता है:
कम जीवित रहता है वायरस: HIV वायरस शरीर के बाहर (जैसे कि ब्लेड या रेजर पर) बहुत कम समय तक जीवित रह पाता है।
दुर्लभ मामला: डॉ. शिवानी के अनुसार, नाई की दुकान पर इस्तेमाल होने वाले रेजर से HIV फैलने का जोखिम व्यवहारिक रूप से अत्यंत दुर्लभ है। फिर भी, हाइजीन के लिहाज से हर बार नए ब्लेड का इस्तेमाल करना जरूरी है।
शरीर में दिखने वाले अन्य चेतावनी संकेत
यदि किसी व्यक्ति को HIV का संक्रमण है, तो केवल डैंड्रफ ही नहीं, बल्कि शरीर में अन्य स्किन संबंधी लक्षण भी दिख सकते हैं:
मुंह में छाले: बार-बार होने वाला फंगल इंफेक्शन (Oral Thrush)।
न भरने वाले घाव: त्वचा पर चोट लगने के बाद घाव का जल्दी ठीक न होना।
असामान्य दाने: पूरे शरीर पर खुजली वाले दाने या अचानक गंभीर सोरायसिस (Psoriasis)।
वजन गिरना: बिना किसी कारण के अचानक तेजी से वजन कम होना।