राज्य में तपती गर्मी के बीच राहत बनकर बरसीं बारिश की बूंदे

रांची, 7 मई (हि.स.)। राज्य में मंगलवार की शाम मौसम ने करवट ली। शाम होते ही राज्यवासियों को तपती गर्मी से थोड़ी राहत मिली। राजधानी रांची, रामगढ़ और गुमला समेत कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश हुई। दोपहर बाद कुछ जिलों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। इससे लोगों को गर्मी की तपिश से राहत मिली। रांची में बूंदा-बांदी से मौसम सुहाना हो गया। राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया था।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आठ और नौ मई को राज्य में कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। कई जगहों पर 10 और 11 को भी हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश देखने को मिलेगी। इस दौरान गरज के साथ वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। रांची, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका और देवघर में ओलावृष्टि हो सकती है। तेज हवाएं (40-50 किलोमीटर प्रति घंटे) भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।