उप मुख्यमंत्री, श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने आज प्रयागराज बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

Post

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव कार्य एवं बाढ़ पीडितों को राहत सामग्री व अन्य आवश्यक वस्तुओं उपलब्ध कराये जाने हेतु जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की।

एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने एवं बचाव व राहत कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश।

बाढ़ पीड़ितों का कुशलक्षेम जाना, प्रभावितजनों को खाद्य एवं राहत सामग्री प्रदान की।

हमारी सरकार आपदा की इस घड़ी में प्रत्येक प्रदेशवासी के साथ खडी़ है हम विश्वास दिलाते हैं कि जल्द ही इस समस्या का निदान होगा। केशव प्रसाद मौर्य।

लखनऊ, 04 अगस्त, 2025: उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री, श्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने आज प्रयागराज के बाढ़ प्रभावित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर राहत कार्यों की वस्तुस्थिति जाना एवं पीड़ितों से संवाद स्थापित किया और राहत व्यवस्था की सतत निगरानी के निर्देश दिये।


उपमुख्यमंत्री ने कहा है कि यह समय संवेदनशीलता, सतर्कता और सेवा का है। सरकार का हर प्रतिनिधि और हर संसाधन जनता के साथ खड़ा है। सरकार की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद तक बिना किसी विलंब के सहायता पहुंचे, राहत पारदर्शिता और मानवीय संवेदना के साथ संचालित हो और कोई भी पीड़ित उपेक्षित न रहे।
उप मुख्यमंत्री जी ने जिला अधिकारी/उपजिलाधिकारी/पुलिस अधिकारियों एवं एनडीआरएफ की टीम के साथ बैठक की। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुचाने के लिए जलपुलिस, स्थानीय पुलिस एवं एनडीआरएफ की टीम बनाकर 24 घण्टे नावों से पेट्रोलिंग की जाए। उन्होंने कहा कि आपदा के इस घडी़ में है हमसब को एक जुट होकर सामना करना है और जनहानि का रोकना हमारा उद्देश्य है। एनडीआरएफ टीम तो प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं के दौरान बचाव और राहत कार्यों में विशेषज्ञता रखती है। आशा करते हैं वह यह उच्चकोटि की सहायता प्रदान करेगी। श्री मौर्य जी ने कहा कि किसी भी स्तर पर राहत कार्यों में कोताही न हो और ज़रूरतमंद लोगों की हर आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राहत शिविरों में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, भोजन, चिकित्सा सुविधा और बिजली आपूर्ति जैसे विषयों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।


उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गंगा और यमुना के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है, ऐसे में जलस्तर की सतत निगरानी की जाए। अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से समन्वय स्थापित कर आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत शिविर में पहुंचाने की तैयारी किए जाने का सुझाव दिया। उत्तर प्रदेश सरकार बाढ़ प्रभावितजनों को समस्त सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार और प्रशासन आपदा की इस घड़ी में लोगों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर खड़ी है।

--Advertisement--

Tags:

--Advertisement--