Delhi Accident: दिल्ली की सड़कों पर 'मौत' का तांडव! नशे में धुत कार सवार ने Zepto डिलीवरी बॉय को कुचला, घसीटने का भी आरोप

Post

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली की सड़कें एक बार फिर तेज रफ्तार और नशे के कॉकटेल से लाल हो गई हैं। शनिवार (21 फरवरी 2026) तड़के पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। यहां शराब के नशे में धुत एक 27 वर्षीय एमसीडी ठेकेदार ने अपनी तेज रफ्तार कार से एक ई-स्कूटर सवार डिलीवरी एजेंट को जोरदार टक्कर मार दी। इस खौफनाक हादसे में 25 साल के युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि टक्कर के बाद युवक को कई मीटर तक कार के नीचे घसीटा गया।

रॉन्ग साइड से आई मौत और कई मीटर तक घसीटा

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना शनिवार तड़के करीब 3 बजकर 20 मिनट की है। चश्मदीद नीरज कुमार पांडे ने पुलिस को बताया कि वह सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन के पास कैब से उतरे थे। तभी जनकपुरी की तरफ से एक हुंडई वरना (Hyundai Verna) कार कई गाड़ियों को ओवरटेक करते हुए अंधाधुंध रफ्तार से आई। सिग्नल के पास यह कार अचानक दाईं से बाईं ओर मुड़ी और क्विक कॉमर्स ऐप 'जेप्टो' (Zepto) के डिलीवरी एजेंट की स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि युवक उछलकर कार के ऊपर जा गिरा और फिर सड़क पर घिसटता चला गया। कार एक लोहे के खंभे और नाले के ढक्कन से टकराकर चकनाचूर होने के बाद रुकी।

भागने की फिराक में थे आरोपी, पब्लिक ने सिखाया सबक

पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) शरद भास्कर दराडे ने बताया कि कार चला रहे आरोपी का नाम मोहित कुमार (27) है, जो नजफगढ़ का रहने वाला है और दिल्ली नगर निगम (MCD) में ठेकेदारी करता है। हादसे के वक्त कार में उसका दोस्त संचित धर भी मौजूद था। टक्कर के बाद दोनों अपनी क्षतिग्रस्त कार को मौके पर ही छोड़कर भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वहां मौजूद राहगीरों ने हिम्मत दिखाते हुए उन्हें धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया। मेडिकल जांच में पुष्टि हुई है कि मोहित कुमार भारी नशे में था। तिलक नगर थाने में बीएनएस (BNS) की धारा 281, 106 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

घर का इकलौता चिराग बुझा, बिलख उठा परिवार

इस हादसे ने पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर में रहने वाले एक गरीब परिवार की दुनिया उजाड़ दी है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय हेम शंकर के रूप में हुई है। हेम शंकर पिछले एक साल से जेप्टो में रात 10 बजे से सुबह 4 बजे की नाइट शिफ्ट में काम कर रहा था। उसके परिवार में बूढ़ी मां रुक्मणी और दो भाई हैं। वह पूरे घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और अपने सबसे छोटे भाई समीर की पढ़ाई का खर्च भी वही उठा रहा था। जिस वक्त यह 'काल' बनकर आई कार ने उसे कुचला, वह किसी ग्राहक का ऑर्डर डिलीवर करने जा रहा था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जेप्टो प्रबंधन ने जताया दुख, मिलेगा 10 लाख का बीमा

इस दुखद घटना पर ई-कॉमर्स कंपनी जेप्टो के प्रवक्ता ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, "हम नई दिल्ली में हुए इस दुखद सड़क हादसे से बेहद आहत हैं और मृतक के परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। हम इस मामले में तिलक नगर पुलिस स्टेशन के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं।" जेप्टो ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनके सभी डिलीवरी पार्टनर्स को 10 लाख रुपये का एक्सीडेंटल इंश्योरेंस कवर दिया जाता है, जिससे पीड़ित परिवार को थोड़ी आर्थिक मदद मिल सकेगी।