मानसून खत्म, पर बारिश का 'कमबैक'! 31 अक्टूबर को इन राज्यों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट, घर से निकलने से पहले जानें मौसम का हाल
इस साल मानसून ने देशभर में जमकर मेहरबानी दिखाई और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। हालांकि, मानसून की विदाई के बाद बारिश का सिलसिला थम गया था, लेकिन मौसम एक बार फिर बड़ी करवट लेने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 31 अक्टूबर के लिए देश के कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगर आप आज घर से बाहर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो यह अपडेट आपके लिए बेहद जरूरी है।
देश के किस हिस्से में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर-पश्चिम भारत: यूपी-राजस्थान में बदलेगा मौसम
इस इलाके में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने की भी आशंका है।
पूर्वी और मध्य भारत: इन राज्यों में सबसे ज्यादा असर
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम और अंडमान-निकोबार में आज बारिश होने की पूरी संभावना है। विभाग ने इन राज्यों के लिए अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि कई इलाकों में लोगों को तेज हवाओं और आंधी का सामना भी करना पड़ सकता है।
पश्चिम भारत: महाराष्ट्र-गुजरात रहें सावधान!
मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा और कोंकण क्षेत्र में कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में हल्की बारिश के साथ-साथ कई इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गरजने की भी चेतावनी है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दक्षिण भारत: केरल से आंध्र तक झमाझम बारिश
दक्षिण भारत पर भी मौसम के बदलाव का असर दिखेगा। तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल, यनम और रायलसीमा में आज कई स्थानों पर हल्की फुहारों से लेकर झमाझम बारिश तक हो सकती है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने का भी अनुमान है।
पूर्वोत्तर भारत: यहां भी बरसेंगे बादल
उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर के लिए मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, असम और नागालैंड में कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, कई जिलों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है।