BREAKING:
April 03 2026 01:48 am

गोरखपुर में सीएम योगी का जनता दरबार धन के अभाव में नहीं रुकेगा किसी का इलाज, मुख्यमंत्री ने सुनी 100 से ज्यादा समस्याएं

Post

News India Live, Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित 'जनता दर्शन' में आम जनता से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 100 से ज्यादा फरियादियों की समस्याओं को बेहद करीब से सुना और उनके त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश का कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

जरूरतमंदों को आवास और बीमारों को इलाज का भरोसा जनता दर्शन के दौरान एक महिला ने मुख्यमंत्री से आवास न होने की पीड़ा साझा की। इस पर सीएम योगी ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए आश्वस्त किया कि उन्हें जल्द ही सरकारी योजना के तहत पक्का आवास दिलाया जाएगा। वहीं, गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने आए लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा, "पैसों की कमी की वजह से किसी भी गरीब का इलाज नहीं रुकेगा।" उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ऐसे मरीजों के उच्च स्तरीय इलाज का एस्टीमेट जल्द से जल्द बनाकर शासन को भेजें, ताकि समय पर सहायता राशि जारी की जा सके।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त हिदायत महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास खुद पहुंचकर मुख्यमंत्री ने उनके प्रार्थना पत्र लिए। पुलिस से संबंधित मामलों में उन्होंने अधिकारियों को निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर संतुष्टिपरक होना चाहिए। जनता दर्शन में आए बच्चों को दुलारते हुए सीएम ने उन्हें चॉकलेट दी और मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मानसून से पहले विकास परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य इससे पहले बुधवार शाम गोरखनाथ मंदिर में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए सीएम योगी ने जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने हिदायत दी कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बारिश का मौसम शुरू होने से पहले सभी प्रमुख परियोजनाओं के खुले में होने वाले कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि मानसून के दौरान जनता को असुविधा न हो।

लोकार्पण और शिलान्यास की तैयारी मुख्यमंत्री ने संकेत दिए कि वे अपने अगले गोरखपुर दौरे के दौरान घंटाघर के बंधु सिंह पार्क में बनी मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण कर सकते हैं। साथ ही पांडेयहाता क्षेत्र में प्रस्तावित कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास भी उनके हाथों संपन्न हो सकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।