BREAKING:
April 10 2026 09:13 pm

सीएम योगी ने दी 6466 करोड़ की सौगात, ग्रेटर आगरा में नदियों के नाम पर बसेंगे 10 नए सेक्टर

Post

News India Live, Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ताजनगरी आगरा के विकास को एक नई ऊंचाई देते हुए इसे 'दूसरा नोएडा' बनाने का शंखनाद कर दिया है। मंगलवार को रहनकलां में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने 6466.37 करोड़ रुपये की 325 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान सबसे खास रहा 'ग्रेटर आगरा' (Greater Agra) टाउनशिप का भूमि पूजन, जिसे प्रदेश सरकार की 'नए शहर प्रोत्साहन योजना' के तहत विकसित किया जा रहा है। सीएम ने स्पष्ट किया कि अब आगरा सिर्फ पर्यटन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह एक आधुनिक इकोनॉमिक और कल्चरल हब के रूप में दुनिया के सामने आएगा।

'ग्रेटर आगरा' का मास्टर प्लान: 450 हेक्टेयर में सजेगा सपनों का शहर

करीब 5142 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 'ग्रेटर आगरा' टाउनशिप रायपुर और रहनकलां क्षेत्र की 449.65 हेक्टेयर भूमि पर आकार लेगी। आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) द्वारा विकसित की जा रही इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसके सेक्टरों का नामकरण है। टाउनशिप के 10 सेक्टरों के नाम देश की पावन नदियों— गंगा, यमुना, सरस्वती, गोदावरी, नर्मदा, सिंधु, कावेरी, गोमती, ब्रह्मपुत्र और कृष्णा के नाम पर रखे गए हैं। यहां 10,000 से अधिक परिवारों के लिए मल्टी स्टोरी फ्लैट्स, ग्रुप हाउसिंग और आधुनिक आवासीय भूखंड उपलब्ध होंगे।

नोएडा की तर्ज पर निवेश और रोजगार की बहार

मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रेटर आगरा केवल एक रिहायशी इलाका नहीं, बल्कि निवेश का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा, "जिस तरह नोएडा ने देश-दुनिया की बड़ी कंपनियों को आकर्षित किया है, वैसा ही स्वरूप अब आगरा का होगा। यहां बड़ी कंपनियां आएंगी, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के हजारों नए अवसर पैदा होंगे।" सीएम ने यह भी भरोसा दिलाया कि यह नया शहर 'स्मार्ट' होने के साथ-साथ पूरी तरह से 'सेफ' (सुरक्षित) भी होगा, जहां अत्याधुनिक सुरक्षा तंत्र और नागरिक सुविधाएं मौजूद रहेंगी।

इंफ्रास्ट्रक्चर को नई धार: मेट्रो के बाद अब सिविल टर्मिनल की बारी

आगरा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सीएम ने कई अन्य घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि आगरा मेट्रो के बाद अब शहर के एयरपोर्ट के विकास में तेजी लाई जाएगी और इस साल के अंत तक नया सिविल टर्मिनल बनकर तैयार हो जाएगा। इसके अलावा, फतेहपुर सीकरी के विकास और शहर में रबर डैम के निर्माण पर भी सरकार गंभीरता से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले माफियाओं को संरक्षण मिलता था, लेकिन अब विकास का 'डबल इंजन' उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल रहा है।