Chhattisgarh news : जश्न में घुसी मौत की रफ्तार, गणेश विसर्जन में नाचते लोगों को कार ने रौंदा, 3 की मौत, 22 घायल
News India Live, Digital Desk: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गणेश विसर्जन का उल्लास उस वक्त मातम में बदल गया, जब एक बेकाबू तेज रफ्तार कार नाचते-गाते श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गई। इस दर्दनाक हादसे ने 3 लोगों की जिंदगी छीन ली, जबकि 22 से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
खुशियों में अचानक घुला 'ज़हर'
यह दिल दहला देने वाली घटना पत्थलगांव के पास की है, जहां लोग गणेश विसर्जन के लिए धूमधाम से जा रहे थे। DJ की धुन पर बच्चे, बूढ़े और जवान सभी नाच-गा रहे थे, माहौल पूरी तरह से खुशनुमा था। तभी अचानक एक तेज रफ्तार बोलेरो कार भीड़ को चीरती हुई निकल गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता, तब तक सड़क पर लाशें बिछ चुकी थीं और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई थी।
नशे में थे कार सवार?
हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। लोगों का आरोप है कि कार में सवार लोग नशे में धुत थे। गुस्साई भीड़ ने उनकी जमकर पिटाई भी की। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने का बिल्कुल भी मौका नहीं मिला। कई लोग तो हवा में उछलकर दूर जा गिरे।
अस्पताल में अफरातफरी, गांव में मातम
घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। एक साथ इतने घायल लोगों के आने से अस्पताल में भी अफरातहरी का माहौल बन गया। इस हादसे की खबर जैसे ही गांव में पहुंची, वहां मातम पसर गया। एक पल पहले जो लोग अपने घर से हंसते-गाते निकले थे, उनकी मौत की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है, लेकिन इस घटना ने त्योहार के दिन कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली हैं।