सहारनपुर में बसपा लगा को झटका, कद्दावर नेता व पूर्व विधायक रविंद्र ने भाजपा में शामिल

सहारनपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। सहारनपुर में बहुजन समाज पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। तीन दिन पहले बसपा की जनसभा में मायावती के साथ मंच पर दिखने वाले पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन-कल्याणकारी योजनाओं के चलते जहां पहले से ही दलित मतदाता का झुकाव भाजपा की तरफ बढ़ा है, वहीं रविंद्र मोल्हू के भाजपा में आने से जिले में कमल को और मजबूती मिलेगी। चुनाव में अब काफी बड़ी संख्या में दलित मतदाता भाजपा को वोट दे सकता है।

इससे पहले उत्तर प्रदेश के बड़े दलित नेता व सहारनपुर विधानसभा से तीन बार (1996, 2007 व 2012) के विधायक रहे जगपाल सिंह ने भी राघव लखनपाल शर्मा को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है। जगपाल सिंह ने बताया कि भाजपा इस बार दो लाख वोटों से विजय प्राप्त करेगी और सहारनपुर देहात विधानसभा से इस बार सारे रिकार्ड तोड़ते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में सवा लाख से अधिक वोट भाजपा को मिलने के समीकरण बन रहे हैं।

रविंद्र मोल्हू रामपुर मनिहारान विधानसभा सीट से दो बार विधायक चुने जा चुके हैं। वह 2007 व 2012 में विधायक बनकर विधानसभा तक पहुंचे। इससे पूर्व अक्टूबर 2019 में भी रविंद्र मोल्हू बसपा को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में बसपा में लौट गए थे और बसपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़े। हालाकि इस चुनाव में उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। एक बार फिर से लोकसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी बदलते हुए भाजपा में शामिल होकर चुनाव में समर्थन दिया है।

जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सैनी व महानगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी ने पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। इस दौरान भाजपा लोकसभा प्रत्याशी राघव लखनपाल शर्मा, महापौर डॉ. अजय कुमार, विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेंद्र निम आदि मौजूद रहे।