संदेशखाली मामले पर अब हाई कोर्ट जाएगी भाजपा

कोलकाता, 06 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) द्वारा जारी किए गए संदेशखाली के वीडियो को लेकर कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख करने का ऐलान किया है। इस वीडियो में यह आरोप लगाया गया है कि संदेशखाली में महिलाओं ने भाजपा के निर्देश पर तृणमूल नेताओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई हैं।

भाजपा ने इन आरोपों के खिलाफ अदालत जाने का ऐलान किया है।

कथित वीडियो में गंगाधर कायल, जो संदेशखाली में भाजपा के मंडल अध्यक्ष, होने का दावा करने हैं, को यह कहते सुना जा सकता है कि पूरी साजिश के पीछे पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी का हाथ है।

तृणमूल ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें दावा किया गया कि यह उसके उस रुख की पुष्टि करता है कि संदेशखाली प्रकरण के पीछे भाजपा का हाथ था।

पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल के इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि वीडियो में कायल की आवाज कृत्रिम रूप से उत्पन्न की गई है।

पूर्व मेदिनीपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए अधिकारी ने संदेशखाली में महिलाओं द्वारा दर्ज की गई कई शिकायतों को महत्त्व देते हुए कहा कि छेड़छाड़ करके तैयार किए गए फर्जी वीडियो को जारी करने से तृणमूल आरोपों से मुक्त नहीं होगी।

अधिकारी ने कहा, ”पूरा देश संदेशखाली में हुए अपराध के बारे में जानता है। वहां महिलाओं ने सैकड़ों शिकायतें दर्ज कराईं। उन सभी पर अत्याचार किया गया।