Agniveer Bharti 2026: पूर्व अग्निवीरों की चांदी! दिल्ली पुलिस भर्ती में 20% आरक्षण और फिजिकल टेस्ट से मिलेगी बड़ी राहत
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने पूर्व अग्निवीरों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। दिल्ली पुलिस भर्ती के नियमों में आमूलचूल बदलाव करते हुए गृह मंत्रालय ने पूर्व अग्निवीरों के लिए बंपर छूट और आरक्षण का ऐलान किया है। अब अग्निवीरों को न केवल नौकरी में प्राथमिकता मिलेगी, बल्कि भर्ती प्रक्रिया के सबसे कठिन पड़ाव 'फिजिकल टेस्ट' से भी मुक्ति दे दी गई है। शुक्रवार को जारी आधिकारिक अधिसूचना के बाद दिल्ली पुलिस (नियुक्ति और भर्ती) नियम, 1980 में जरूरी संशोधन कर दिए गए हैं।
20% कोटा और फिजिकल टेस्ट से 'डायरेक्ट' आजादी
गृह मंत्रालय द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल (कार्यकारी) के कुल पदों में से 20 प्रतिशत पद अब पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षित रहेंगे। सबसे चौंकाने वाली और राहत भरी खबर यह है कि इन अभ्यर्थियों को फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) देने की जरूरत नहीं होगी। आमतौर पर दिल्ली पुलिस की भर्ती में दौड़ और अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षाएं सबसे मुश्किल मानी जाती हैं, लेकिन सशस्त्र बलों में 4 साल का अनुभव रखने वाले इन जवानों को इससे छूट दी गई है। हालांकि, उन्हें निर्धारित शारीरिक माप (Physical Measurement) और मेडिकल मानकों को पूरा करना अनिवार्य होगा।
उम्र सीमा में भी भारी छूट: 30 साल तक के युवा हो सकेंगे भर्ती
भर्ती नियमों में संशोधन के बाद उम्र सीमा में भी ढील दी गई है। सामान्य तौर पर दिल्ली पुलिस कांस्टेबल के लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष होती है, लेकिन पूर्व अग्निवीरों को इसमें 3 वर्ष की अतिरिक्त छूट मिलेगी।
पहले बैच के लिए खास तोहफा: अग्निवीर योजना के पहले बैच के अभ्यर्थियों को 5 साल की अतिरिक्त छूट दी गई है, जिसका मतलब है कि वे 30 साल की उम्र तक दिल्ली पुलिस में शामिल हो सकेंगे।
अन्य बैच: बाकी बैच के पूर्व अग्निवीरों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 28 वर्ष (25+3) रहेगी।
LG के फैसले पर लगी मुहर: भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव
यह अधिसूचना दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना के उस प्रस्ताव को औपचारिक रूप देती है, जिसे उन्होंने पहले ही मंजूरी दे दी थी। अब तक दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पदों पर 100 प्रतिशत सीधी भर्ती की जाती थी, लेकिन अब इसमें अग्निवीरों का एक बड़ा हिस्सा शामिल होगा। पुलिस कमिश्नर जल्द ही लिखित परीक्षा और अन्य भर्ती प्रक्रियाओं के संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेंगे।
अग्निवीरों के लिए सुरक्षा बलों के द्वार खुले
केंद्र सरकार की यह व्यापक योजना का हिस्सा है, जिसके तहत भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना में 4 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले अग्निवीरों को विभिन्न सुरक्षा बलों में समायोजित किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस में इस औपचारिक बदलाव के बाद अन्य राज्यों की पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (CAPFs) में भी इसी तरह के बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। यह कदम न केवल दिल्ली पुलिस को अनुभवी जवान प्रदान करेगा, बल्कि युवाओं में अग्निवीर योजना के प्रति आकर्षण भी बढ़ाएगा।