भोपाल: कड़ाके की ठंड से मिलेगी हल्की राहत, जानिए आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
भोपाल। मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से जारी कड़ाके की ठंड से जल्द ही थोड़ी राहत मिल सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि अभी कोई बड़ा मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है, और जम्मू-कश्मीर पर बना पश्चिमी विक्षोभ भी आगे बढ़ चुका है. हवाओं के रुख में हो रहे बदलाव के कारण शनिवार से ठंड का असर कुछ कम हो सकता है, हालांकि कुछ शहरों में अभी भी शीतलहर का प्रभाव बना रह सकता है.
तीन दिन बाद रातें होंगी कम ठंडी
मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों के अनुसार, अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रहेगा, लेकिन उसके बाद रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि अभी मौसम पूरी तरह से शुष्क है.
हालांकि, राजस्थान पर बने एक प्रति-चक्रवात के कारण हवा का रुख बदल रहा है. हवाएँ अब उत्तरी होने के साथ-साथ बीच-बीच में पूर्वी भी हो रही हैं. इसी वजह से शनिवार से लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलने लगेगी. दो-तीन दिन बाद हवाओं का रुख पूरी तरह से पूर्वी होने की संभावना है, जिससे रात का तापमान और बढ़ेगा.
शुक्रवार को कैसा रहा मौसम?
शुक्रवार को भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, रीवा और जबलपुर समेत कई शहर शीतलहर की चपेट में रहे, जबकि इंदौर में भी तेज शीतलहर का असर रहा।प्रदेश में सबसे कम तापमान शिवपुरी में 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।