"अपुन सड़क पर मस्ती करेगा!" मुन्ना का टपोरी अंदाज, मिली का बोल्ड लुक! 30 साल बाद फिर लौट रही है 'रंगीला', नए ट्रेलर ने मचाया धमाल

Post

90 का दशक... जब सिनेमा के पर्दे पर राम गोपाल वर्मा ने रंगों का एक ऐसा जादू बिखेरा था, जिसका नाम था 'रंगीला'। आमिर खान का टपोरी 'मुन्ना', उर्मिला मातोंडकर की सपनों की उड़ान भरती 'मिली' और जैकी श्रॉफ का हैंडसम 'राज कमल'। अब, पूरे 30 साल बाद, यह जादुई फिल्म एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए तैयार है! 28 नवंबर, 2025 को रिलीज से पहले, फिल्म का नया, शानदार ट्रेलर जारी कर दिया गया है, जो आपको सीधे उस रंगीन दुनिया की यादों में ले जाएगा।

ट्रेलर में क्या है खास?

2 मिनट 33 सेकंड का यह ट्रेलर 90 के दशक की यादों का एक खूबसूरत पिटारा है। ट्रेलर की शुरुआत होती है उर्मिला मातोंडकर के उस जोशीले डायलॉग से, जो आज भी कई लोगों को याद है - "मुझे पढ़कर क्लर्क नहीं बनना है, मुझे एक्ट्रेस बनना है।" इसके तुरंत बाद एंट्री होती है आमिर खान के टपोरी 'मुन्ना' की, जो अपने उसी बिंदास अंदाज में कहता है, "किसी सेठ की गाड़ी में कुत्ता बनकर बिस्किट खाने से अच्छा है, अपुन सड़क पर मस्ती करेगा।"

ट्रेलर में जैकी श्रॉफ का सौम्य फिल्मी हीरो वाला अंदाज, ए.आर. रहमान का जादुई संगीत और "यारो सुन लो ज़रा," "तन्हा तन्हा" जैसे सुपरहिट गानों की झलकियां रोंगटे खड़े कर देती हैं। ट्रेलर में उर्मिला के उन बोल्ड सीन्स को भी शामिल किया गया है, जिन्होंने 30 साल पहले तहलका मचा दिया था, जैसे समुद्र किनारे सिर्फ टी-शर्ट में दौड़ना और उनका बिकनी लुक।

30 साल बाद भी उतनी ही फ्रेश है 'रंगीला'

इस मौके पर डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा ने कहा, "30 साल बाद भी, 'रंगीला' उतनी ही फ्रेश और क्रांतिकारी लगती है, जितनी उस दिन थी। इस फिल्म ने सपनों की नगरी मुंबई की आत्मा और उसकी धड़कन को खुद में समेट लिया है, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है।"

यह फिल्म 'अल्ट्रा रिवाइंड' नाम की एक खास पहल के तहत रिलीज हो रही है, जिसका मकसद पुरानी क्लासिक फिल्मों को नए और बेहतर अंदाज में दर्शकों के सामने लाना है। अल्ट्रा मीडिया के सीईओ सुशील कुमार अग्रवाल ने कहा, "'रंगीला' सिर्फ एक फिल्म नहीं है, यह एक एहसास (Feeling) है। हमारा मकसद पुरानी और नई, दोनों पीढ़ियों को बड़े पर्दे पर इसके जादू को फिर से देखने का मौका देना है। यह फिल्म सिर्फ 90 के दशक के लोगों के लिए नहीं, बल्कि आज की GenZ को भी खूब पसंद आएगी।"

बेहतर पिक्चर क्वालिटी और इमर्सिव साउंड के साथ, 'रंगीला' 28 नवंबर, 2025 को देशभर के सिनेमाघरों में एक बार फिर से अपना जादू बिखरने के लिए तैयार है।