BREAKING:
April 28 2026 10:20 pm

अमेरिका से जंग के बीच ईरान को मिला रूस का खुला समर्थन! पुतिन बोले— शांति के लिए हर कदम उठाने को तैयार

Post

नई दिल्ली। मध्य पूर्व में ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच रूस एक बार फिर ईरान के साथ खुलकर खड़ा नजर आया। सोमवार को जहां संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रूसी राजदूत ने ईरान का जोरदार बचाव किया, वहीं सेंट पीटर्सबर्ग में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात कर अपने पूर्ण समर्थन का ऐलान किया।

UNSC में रूस ने पश्चिमी देशों को घेरा

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में रूसी राजदूत वसीली नेबेंजिया ने होर्मुज जलडमरूमध्य में आवाजाही सीमित करने के ईरान के अधिकार का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने पश्चिमी देशों पर पाखंड और समुद्री डकैती का सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि ईरान के खिलाफ दबाव की रणनीति अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है।

पुतिन ने थामा ईरान का हाथ, की ईरानियों की तारीफ

सेंट पीटर्सबर्ग में हुई इस अहम मुलाकात में पुतिन ने ईरानी जनता की जमकर सराहना की और कहा कि ईरानियों ने अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए बहादुरी और वीरता का परिचय दिया है। अराघची ने मुलाकात से पहले ओमान और पाकिस्तान के नेतृत्व से भी बातचीत की थी और इस्लामाबाद की संक्षिप्त यात्रा के बाद सीधे रूस पहुंचे थे।

पुतिन बोले— शांति के लिए हर संभव प्रयास करेगा रूस

मुलाकात के दौरान पुतिन ने स्पष्ट कहा कि रूस पश्चिम एशिया में जल्द से जल्द शांति सुनिश्चित करने के लिए अपनी तरफ से हर संभव कदम उठाने को तैयार है। बैठक में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भी मौजूद थे। पुतिन ने यह भी बताया कि उन्हें पिछले सप्ताह ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई का व्यक्तिगत संदेश मिला था और उन्होंने अराघची से कहा कि वे खामेनेई को उनका आभार और शुभकामनाएं पहुंचाएं।

अराघची बोले— दुनिया ने देखी ईरान की ताकत

ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने इस मुलाकात के बाद कहा कि अमेरिका से जंग के दौरान पूरी दुनिया ने ईरान की असली ताकत और ईरानी अवाम के साहस को देखा। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात से एक बात बिल्कुल साफ हो गई है कि ईरान के पास रूस जैसा विश्वसनीय दोस्त और सहयोगी है। उन्होंने सर्वोच्च नेता खामेनेई और राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन की ओर से रूसी नेतृत्व को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

रूस तैयार है मध्यस्थ की भूमिका निभाने को

रूसी विदेश मंत्री लावरोव ने बाद में बयान जारी करते हुए कहा कि पुतिन और अराघची के बीच हुई वार्ता पूरी तरह सफल रही। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने भी स्पष्ट किया कि रूस दोनों पक्षों को स्वीकार्य किसी भी तरह की मध्यस्थता सेवाएं देने के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना के मुताबिक पहले दौर की वार्ता में कुछ प्रगति होने के बावजूद अमेरिका के रवैये के कारण बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी।