Iran-US War Update: ट्रंप के 'विध्वंसक' हमले से कांपा ईरान? रातों-रात फिर पाकिस्तान पहुंचे ईरानी विदेश मंत्री, युद्धविराम पर आया सबसे बड़ा अपडेट
अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे विनाशकारी युद्ध के बीच एक बड़ी कूटनीतिक हलचल मच गई है। शांति वार्ता को लेकर छाई अनिश्चितता के बीच, मात्र तीन दिन के अंदर दूसरी बार ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची रातों-रात पाकिस्तान पहुंच गए हैं। रविवार रात इस्लामाबाद में उन्होंने पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ एक बेहद अहम और गुपचुप मुलाकात की है। इस हाई-वोल्टेज मीटिंग के बाद से ही ग्लोबल लेवल पर यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या अमेरिका और ईरान के बीच मिडिल ईस्ट में चल रही खूनी जंग अब अपने आखिरी दौर में है?
रातों-रात फिर पाकिस्तान क्यों पहुंचे अराघची?
'जियो न्यूज' की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, विदेश मंत्री अब्बास अराघची इस्लामाबाद में थोड़ी देर रुकने के बाद अब सीधे रूस के लिए उड़ान भरेंगे। हालांकि, पाकिस्तान की तरफ से इस हाई-प्रोफाइल मीटिंग को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इससे पहले शनिवार को भी अराघची ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के साथ लंबी चर्चा की थी। पाकिस्तान से वह सीधे ओमान निकल गए थे, जहां उन्होंने सुल्तान हैथम बिन तारिक अल-सैद से मुलाकात कर होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) की सुरक्षा और जंग रोकने पर गंभीर बातचीत की। बताया जा रहा है कि ईरान ने अपना रुख एकदम साफ कर दिया है कि वह अमेरिका के साथ सीधे टेबल पर नहीं बैठेगा। ईरान अपनी सभी शर्तें और आपत्तियां पाकिस्तान के जरिए ही वाशिंगटन तक पहुंचाएगा।
ट्रंप का बड़ा फैसला, पाकिस्तान नहीं जाएगी अमेरिकी टीम
एक तरफ ईरान पाकिस्तान के जरिए अपनी बिसात बिछा रहा है, वहीं दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपना कड़ा रुख दिखाते हुए एक बड़ा कूटनीतिक फैसला लिया है। ट्रंप ने स्पष्ट रूप से ऐलान किया है कि उनके खास प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर अब शांति वार्ता के लिए इस्लामाबाद नहीं जाएंगे।
ट्रंप ने रविवार को इस बात को दोहराया कि अगर युद्ध को शांतिपूर्ण तरीके से खत्म करना है, तो अमेरिकी और ईरानी अधिकारी फोन पर ही बातचीत कर सकते हैं। इसके लिए इस्लामाबाद में किसी भी तरह की फेस-टू-फेस मीटिंग की जरूरत नहीं है। गौरतलब है कि 11-12 अप्रैल को हुए पहले दौर की बातचीत पूरी तरह से बेनतीजा रही थी।
ट्रंप का बड़ा दावा- "ईरान की नेवी और एयरफोर्स हो चुकी है खत्म"
फॉक्स न्यूज को दिए एक बेहद आक्रामक इंटरव्यू में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका के लगातार सैन्य और आर्थिक दबाव ने तेहरान की कमर तोड़ कर रख दी है और अब ईरान हर हाल में इस जंग का सॉल्यूशन चाहता है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की कड़ी नाकेबंदी (Blockade) पूरी तरह से असरदार साबित हुई है। ट्रंप के शब्दों में, “मुझे लगता है कि हमारा सबसे बड़ा फायदा यह है कि हमने उनकी नेवी और एयरफोर्स को पूरी तरह से तबाह कर दिया है। उनकी हालत इस वक्त बेहद खराब है और नाकेबंदी के कारण अब उन्हें कहीं से कोई नया फंड भी नहीं मिल पा रहा है।”