प्रचार होर्डिंग से जिले का खटारा इंजन गायब- अखिलेश यादव

उन्नाव,7मई(हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा लोकसभा चुनाव में इण्डिया गठबंधन के प्रत्याशी पूर्व सांसद अन्नू टण्डन के पक्ष में शहर के राजकीय इण्टर कालेज मैदान में एक जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की जमकर बखिया उधेड़ते हुए कहा कि कहा कि जिले में प्रचार सामग्री में खुद को डबल इंजन की सरकार बताने वालों ने एक इंजन को पहले से ही गायब कर दिया है। जनपद का नाम लिये बिना बोले कि जिले में खटारा इंजन को भी गायब कर दिया है। कहा कि जिले के सांसद 10 साल से जिले के सांसद हैं और कोई भी कार्य नहीं किया। ऐसे लोगों के लिए एक गीत जारी हुआ है उसे आप लोग सुनिए और सबको सुनाइए। कहा कि कहनी करनी में अन्तर है। केन्द्र सरकार सेना में अग्निवीर व्यवस्था लाई। नौजवान जो सेना में जाना चाहता था, पक्की नौकरी करना चाहता था। उसे यह सरकार अग्निवीर व्यवस्था दे रही है। अग्निवीर की 4 साल की नौकरी है। नौजवानों का सपना तोड़ा है। जिसे हमारी सरकार बनते ही इस व्यवस्था को समाप्त किया जायेगा।

उन्होंने कहा कि अग्निवीर की 4 साल की और ये जो हमारे बीच खाकी वाले खड़े हैं, भाजपा सरकार बनी तो इनकी 3 साल की नौकरी बचेगी। तीन साल बाद यह हमारे आप के बीच में ही घूमेंगे।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि क्या देश को पता था कि एयरपोर्ट बिक जायेगा,एलआईसी बिक जायेगी,पानी के जहाज बिक जायेंगे,बंदरगाह बिक जाएंगे। क्या आपको पता था कि बैंकें डुबा दी जाएंगी। आधी रात में नोटबंदी कर दी जायेगी, लेकिन यह हुआ। इसलिए सावधान हो जायें। उन्होंने कहा कि नौजवानों को नौकरियां नहीं मिल रही हैं। जो भी नौकरी निकलती है। उसका पेपर नौजवान मेहनत करके पढ़ाई करके देता है। पेपर देने के बाद उसे पता चलता है कि उसका पेपर लीक हो गया। जिसके चलते नौजवानों को सड़कों पर आना पड़ा है। अगर हिसाब लगा लें तो लगभग 60 लाख बच्चों के भविष्य से इस सरकार ने खिलवाड़ किया है।ये नौजवान वोटर ही सफाया कर देंगे।

उन्होंने कि सपा सरकार,इण्डिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। शहर की तर्ज पर गरीबों को अच्छी गुणवत्ता, पैकेट का आटा और डाटा भी फ्री देने का काम करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पिछली बार जैसे लैपटॉप दिया था, अब डाटा और आटा फ्री देंगे। भाजपा सरकार ने कॉपी किया। हम लोगों ने लैपटॉप दिया बड़ा, इन लोगों ने उसे छोटा क़र दिया, ऊँगली घिसते रहें, चलता ही नहीं ।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने एम्बुलेंस दी लेकिन अब समय पर एम्बुलेंस नहीं आती है। अगर एम्बुलेंस मिली तो क्या इलाज मिल रहा है और अगर इलाज मिला तो क्या दवा महंगी नहीं हुई। महंगाई पर बोलते हुए कहा कि 2014 के पहले दवा कितने की आती थी। पहले साइकिल, मोटर साइकिल, कार कितने की आती थी अब कितने की आ रही है। बीजेपी की दोबारा सरकार आई तो आपकी बोरी से आटा चोरी क़र रहे हैं। इण्डिया गठबंधन सरकार बनते ही किसानों का जो भी कर्ज होगा, वह माफ किया जायेगा। इस सरकार ने किसानों को धोखा दिया। पूरे देश का किसान दिल्ली गया था। अपने हक कानूनी अधिकार एमएसपी मांग रहा था। इस केन्द्र सरकार ने सड़को पर कील गड़वा दी। आंसू गैस के गोलों से किसानों को पुलिस से रोकने का प्रयास किया। किसान सर्दी में बैठा रहा। पीछे नहीं हटा। तब तीन काले कानून सरकार ने वापस लिये। इण्डिया गठबंधन की सरकार बनते ही किसानों को एमएसपी का कानूनी अधिकार बनाने का काम होगा।

हेलीपैड पर श्री यादव का सपा नेताओं में शरीफ खान,अधिवक्ता सभा के अजेंद्र अवस्थी, डाक्टर अभिनव कुमार, और सचिन टंडन ने पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया । जनसभा में आई भारी संख्या में जनता को प्रत्याशी व पूर्व सांसद अन्नू टण्डन ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यकम में कांग्रेस की जिला अध्यक्ष आरती बाजपेई,पूर्व मंत्री सुधीर कुमार रावत पूर्व मंत्री अरुण शंकर शुक्ला अन्ना महराज,पूर्व एम एल सी सुनील यादव, पूर्व विधायकों में उदय राज यादव, राम कुमार, बदलू खान , सुंदर लाल लोधी सुंदर लाल कुरील , अंकित सिंह परिहार, पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मेद्र यादव,जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र शुक्ला,सी के त्रिपाठी, चन्द प्रकाश शुक्ला, तमन्य श्रीवास्तव, गोविंद यादव , शिशिर गुप्ता, अमन अंजुम, जितेन्द्र कुशवाहा आदि मौजूद रहे।