जिला प्रशासन की एक नयी और अनूठी पहल, नारी सुरक्षा का संकल्प

Post

नारी सुरक्षा का संकल्प अभियान का हुआ आगाज।

नारियों के सुरक्षा एवं सम्मान का दिया गया संदेश।

जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने दिखाई नई राह।

महिलाओं को सुरक्षित माहौल देना हम सबकी जिम्मेदारी : जिला पदाधिकारी।

नारियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव, हिंसा या असुरक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनभागीदारी से सफल होगा नारी सुरक्षा का संकल्प।

हर नारी निर्भय होकर जी सके, यही हमारी प्रतिबद्धता : वरीय पुलिस अधीक्षक।

कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी

जागरूकता और आत्मरक्षा से मजबूत होगी नारी शक्ति।

नुक्कड़ नाटक रथ से गूंजेगी नारी सुरक्षा की आवाज।

हस्ताक्षर पट्टी पर हस्ताक्षर कर प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों ने दिया नारी सुरक्षा का संदेश।

राज्य सम्पोषित बालिका विद्यालय, बेतिया में छात्राओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम का भी हुआ आयोजन।

महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन, पश्चिम चम्पारण, बेतिया द्वारा पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चलाए जा रहे नारी सुरक्षा संकल्प अभियान का शुभारंभ आज जिले में बड़े उत्साह के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री धर्मेन्द्र कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर समाहरणालय सभागार में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत जनजागरूकता हेतु हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत की गयी। हस्ताक्षर पट्टी पर जिला पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किए। साथ ही नारी सुरक्षा संकल्प नुक्कड़ नाटक रथ को भी जिला पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न हिस्सों में जाकर महिलाओं और आमजन को बाल विवाह, दहेज प्रथा, छेड़खानी, साइबर अपराध और महिला अधिकारों जैसे विषयों पर जागरूक करेगा। इसके बाद राज्य सम्पोषित बालिका विद्यालय, बेतिया में छात्राओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस मौके पर छात्राओं, अभिभावकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने भाग लिया।

जिला पदाधिकारी, श्री धर्मेन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि नारी सशक्त होगी तभी समाज और राष्ट्र मजबूत होगा। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अभियान का उद्देश्य है कि हर बेटी, बहन और महिला बिना भय और संकोच के जीवन जी सके। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से हम हर वर्ग के लोगों तक यह संदेश पहुँचाना चाहते हैं कि महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव, हिंसा या असुरक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि महिलाएं शिक्षा, रोजगार और नेतृत्व के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। ऐसे में हमारा दायित्व है कि उन्हें सुरक्षित वातावरण मिले। बेटियों को बचाना, पढ़ाना और सुरक्षित रखना आज की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इस अभियान के जरिए हमें गाँव-गाँव और गली-मोहल्लों तक जागरूकता फैलानी है।

उन्होंने अपील किया कि लड़कियों और महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए और किसी भी प्रकार की घटना या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचित करना चाहिए। प्रशासन हर स्थिति में उनके साथ खड़ा है।

वरीय पुलिस अधीक्षक, डॉ0 शौर्य सुमन ने कहा महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करना हमारी प्रतिबद्धता है। नारी सुरक्षा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलेगी और महिलाएँ आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगी। पुलिस-प्रशासन हर स्तर पर महिलाओं के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हमारी प्राथमिकता है कि हर महिला और हर बच्ची निर्भय होकर जीवन जी सके।

उन्होंने कहा कि नारी सुरक्षा संकल्प अभियान के जरिए पुलिस और प्रशासन लोगों तक यह संदेश पहुंचा रहा है कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके साथ ही समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना भी विकसित करनी होगी।

उन्होंने कहा कि जिले में महिलाओं की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर, वीमेन हेल्प डेस्क और थानों में विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। हम चाहते हैं कि महिलाएं बिना झिझक अपनी समस्याएं पुलिस को बताएं और हर समस्या का समाधान समय पर हो।

उन्होंने छात्राओं और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि आपकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है, लेकिन आत्मरक्षा के लिए जागरूकता और साहस भी जरूरी है। अगर हम सब मिलकर कदम उठाएं तो समाज से छेड़छाड़, उत्पीड़न और महिला विरोधी अपराधों का अंत संभव है।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, श्री सुमित कुमार, अपर समाहर्ता, श्री राजीव रंजन सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता-सह-नोडल पदाधिकारी, श्रीमती नगमा तबस्सुम, जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी, श्री राकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

--Advertisement--

Tags:

--Advertisement--