post-slider

'लगा जैसे कोई आतंकी बम धमाका हुआ हो', कुर्सियों से उछलकर दूर गिरे यात्री, 1 ड्राइवर की मौत और 89 घायल

ब्रिटेन की राजधानी लंदन के उत्तरी इलाके में स्थित बेडफोर्ड के पास शुक्रवार की शाम दो तेज रफ्तार यात्री ट्रेनों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर से चारों तरफ कोहराम मच गया। इस दर्दनाक रेल हादसे में एक ट्रेन ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 89 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में से 11 की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और मलबे में तब्दील हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एयर एम्बुलेंस और ब्रिटिश विशेषज्ञ बचाव दल (Emergency Rescure Team) तुरंत मौके पर पहुंचे और युद्धस्तर पर राहत कार्य शुरू किया।

लंदन सेंट पैनक्रास जा रही थीं दोनों ट्रेनें, पटरी से उतरे कई डिब्बे

यह खौफनाक रेल हादसा ब्रिटिश समयानुसार शाम करीब 5:15 बजे बेडफोर्ड और ल्यूटन के बीच हुआ। हादसे का शिकार हुई दोनों ट्रेनें दक्षिण की ओर लंदन के मशहूर सेंट पैनक्रास स्टेशन की तरफ जा रही थीं। आपातकालीन स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, इस दुर्घटना में कुल 89 लोग हताहत हुए हैं, जिनमें से 11 लोग आईसीयू में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। इसके अलावा 22 यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं और 56 अन्य लोगों का प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी गई है।

चश्मदीदों की जुबानी तबाही का मंजर: कुर्सियां बिखरीं, चेहरे खून से सने और पैर टूटे

हादसे के बाद के रोंगटे खड़े कर देने वाले पलों को याद करते हुए ट्रेन में सवार यात्री डॉ. पीट नैप ने बताया कि बिना किसी चेतावनी के अचानक एक जोरदार झटका लगा और हम सब सामने वाली सीट पर जा गिरे। देखते ही देखते चारों तरफ धुआं फैल गया, लोग रो रहे थे और मदद के लिए चिल्ला रहे थे। डॉ. नैप ने इस खौफनाक दृश्य की तुलना किसी बड़े बम धमाके से करते हुए कहा— "जब मैं होश में आया, तो कुर्सियां हर तरफ बिखरी पड़ी थीं। मुझे लगा जैसे मैं किसी आतंकी बम धमाके का शिकार हो गया हूं। लोगों के चेहरे खून से सने थे और कई यात्रियों के पैर टूट चुके थे। मैं दुबला होने के कारण दरवाजों के बीच के गैप से किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा।"

एक अन्य महिला यात्री शोला मेने ने रोते हुए बीबीसी को बताया कि जोरदार धमाके के साथ लोग अपनी सीटों से हवा में उछलकर दूर जा गिरे। एक सह-यात्री हवा में उड़ता हुआ आया और सीधे मेरे पति के चेहरे से टकरा गया, जिससे वह लहूलुहान हो गए। ट्रेन के अंदर हर तरफ केवल खून और चीख-पुकार मची थी।

पीएम कीर स्टार्मर ने जताया दुख, आरएमटी यूनियन ने दी मृत ड्राइवर को श्रद्धांजलि

इस भीषण दुर्घटना पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि मेरी पूरी संवेदनाएं उस मृत व्यक्ति के परिवार के साथ हैं जिसने इस दुखद हादसे में अपनी जान गंवाई है, और सरकार गंभीर रूप से घायल सभी लोगों के बेहतर इलाज के लिए प्रतिबद्ध है।

नेशनल यूनियन ऑफ रेल, मैरीटाइम एंड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स (RMT) के महासचिव एड्डी डेम्पसी ने पुष्टि की कि हादसे में अपनी जान गंवाने वाला व्यक्ति एक सीनियर ट्रेन ड्राइवर था और आरएमटी का पूर्व प्रतिनिधि भी रह चुका था। ट्रेन ड्राइवर्स यूनियन 'Aslef' के प्रमुख डेव काल्फ ने भी मृत ड्राइवर को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

ईस्ट मिडलैंड्स रेलवे की सभी सेवाएं निलंबित, जांच के आदेश

रेल ऑपरेटर ईस्ट मिडलैंड्स रेलवे ने आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस भीषण टक्कर में उसकी शाम 4:40 बजे कॉरबी से लंदन सेंट पैनक्रास जाने वाली ट्रेन और शाम 3:50 बजे नॉटिंघम से उसी गंतव्य को जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन शामिल थी।

हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए लंदन सेंट पैनक्रास से आने-जाने वाली सभी मुख्य ट्रेन सेवाओं को अगले आदेश तक के लिए पूरी तरह निलंबित कर दिया है। रेलवे ट्रैक को साफ करने और मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है, वहीं ब्रिटिश रेलवे दुर्घटना जांच शाखा (RAIB) ने तकनीकी विफलता या मानवीय चूक के एंगल से दुर्घटना के वास्तविक कारणों की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।

Tags:

Latest Posts