मादुरो की गिरफ्तारी पर चीन में क्यों मची है खुशी? लोग बोले- ताइवान वालों, देख लो अपना फ्यूचर
News India Live, Digital Desk: अंतरराष्ट्रीय राजनीति भी गजब की चीज है। यहाँ कब किसकी दुश्मनी दोस्ती में बदल जाए और कौन किसके बहाने किसे डरा दे, कुछ नहीं कहा जा सकता। ताज़ा मामला वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का है, जिन्हें अमेरिकी फोर्सेज (ट्रंप प्रशासन) ने अपने कब्जे में ले लिया है। अब कायदे से तो चीन को इस पर गुस्सा होना चाहिए था क्योंकि चीन अक्सर मादुरो का समर्थक रहा है, लेकिन चीन के सोशल मीडिया पर नजारा ही कुछ और है।
चीन के आम लोग और वहाँ के सोशल मीडिया यूजर्स इस घटना पर एक अलग ही एंगल से मजे ले रहे हैं। वहाँ एक ही बात ट्रेंड हो रही है "ताइवान टेम्पलेट" (Taiwan Template)।
चीनियों को क्यों आई ताइवान की याद?
बात बड़ी सीधी है। चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'वीबो' (Weibo) पर लोग लिख रहे हैं कि अमेरिका ने जो तरीका मादुरो के लिए अपनाया, वही तरीका चीन को ताइवान के खिलाफ अपनाना चाहिए। लोगों का कहना है कि यह एक "परफेक्ट उदाहरण" है। उनका मानना है कि चीनी सेना (PLA) को भी अचानक एक दिन ताइवान के राष्ट्रपति लाइ चिंग-ते को ऐसे ही उठा लेना चाहिए या गिरफ्तार कर लेना चाहिए, ताकि जंग की नौबत ही न आए और 'खेल' खत्म हो जाए।
"इसे कहते हैं सर्जिकल एक्शन"
आमतौर पर चीनी जनता अमेरिका की बुराई करती है, लेकिन इस बार ट्रंप के इस 'बिंदास एक्शन' (Decapitation Strike Strategy) की तारीफ हो रही है। लोग कह रहे हैं कि "यही वो तरीका है जिससे ताइवान का मुद्दा हमेशा के लिए सुलझाया जा सकता है।" एक यूजर ने तो यहाँ तक लिख दिया कि, "ट्रंप ने हमें सिखा दिया कि दुश्मन के घर में घुसकर उसके मुखिया को कैसे दबोचना है।"
ताइवान के लिए डरने वाली बात?
यह सिर्फ सोशल मीडिया की बकबक नहीं है, बल्कि यह चीन की जनता की उस मानसिकता (Mindset) को दिखाता है जो वो ताइवान के लिए रखती है। चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है और उसे वापस पाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। मादुरो की गिरफ्तारी ने चीनी राष्ट्रवादियों को एक नया सपना दे दिया है कि वो बिना बड़ी तबाही मचाए, सिर्फ नेतृत्व (Leadership) को हटाकर ताइवान पर कब्ज़ा कर सकते हैं।
तो कुल मिलाकर, एक्शन अमेरिका ने लिया, लेकिन उसका 'फायदा' चीन अपने प्रोपेगेंडा के लिए उठा रहा है। इसे कहते हैं, “सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे।”