जब आमिर खान को 'PK' के लिए रोज खाने पड़ते थे 100 पान, मुंह में हो गए थे छाले, वजह कर देगी हैरान
बॉलीवुड में जब भी किसी किरदार में पूरी तरह ढल जाने की बात होती है, तो आमिर खान का नाम सबसे पहले आता है। उन्हें यूं ही "मिस्टर परफेक्शनिस्ट" नहीं कहा जाता। अपनी हर फिल्म के लिए वह कुछ ऐसा कर जाते हैं, जो सालों तक याद रखा जाता है। ऐसा ही एक किस्सा उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'पीके' से जुड़ा है, जिसके लिए उन्होंने कुछ ऐसा किया जिसकी कीमत भी उन्हें चुकानी पड़ी थी।
साल 2014 में आई राजकुमार हिरानी की फिल्म 'पीके' में आमिर खान ने एक एलियन का किरदार निभाया था, जो दूसरे ग्रह से धरती पर आता है। असल जिंदगी में शायद ही किसी ने आमिर को पान खाते देखा हो, लेकिन इस फिल्म के लिए उन्होंने इतने पान चबाए कि लोग आज भी इस बात को याद करते हैं।
सेट पर हमेशा साथ रहता था एक पनवाड़ी
फिल्म में 'पीके' का किरदार धरती पर आकर यहां के तौर-तरीके और भाषा सीखता है। इसी दौरान उसे पान खाने की आदत लग जाती है और वह हर समय मुंह में पान दबाए नजर आता है। इस किरदार में जान डालने के लिए आमिर ने सच में पान खाने की आदत डाल ली थी।
एक इंटरव्यू में उन्होंने खुद बताया था कि अपने रोल को असली दिखाने के लिए सेट पर हर समय एक पनवाड़ी मौजूद रहता था, जिसका काम सिर्फ आमिर के लिए पान बनाना होता था।
क्यों खाते थे दिन में 100 पान?
आमिर ने बताया था कि वह अपने किरदार के होंठों पर लिपस्टिक लगाकर उन्हें लाल नहीं दिखाना चाहते थे, बल्कि चाहते थे कि वे पान खाकर कुदरती तौर पर लाल दिखें। इसके अलावा, जब कोई मुंह में पान चबाता है, तो उसके बोलने का तरीका और एक्सेंट बदल जाता है। आमिर को बिल्कुल वही नैचुरल अंदाज चाहिए था। इसलिए, वह पूरे दिन पान चबाते रहते थे और कई बार तो यह गिनती एक दिन में 100 पान तक पहुंच जाती थी।
परफेक्शन की चुकानी पड़ी थी कीमत
फिल्म तो सुपरहिट हुई और आमिर के किरदार को भी खूब पसंद किया गया, लेकिन इस परफेक्शन की उन्हें एक बड़ी कीमत चुकानी पड़ी। लगातार पान चबाने की वजह से उनके मुंह में छाले पड़ गए थे, जिससे उन्हें काफी तकलीफ होती थी। इसके बावजूद, उन्होंने अपने किरदार के साथ कोई समझौता नहीं किया और पान खाना जारी रखा।
फिल्म में उनकी को-स्टार रहीं अनुष्का शर्मा ने भी बताया था कि वह आमिर की यह हालत देखकर बहुत बुरा महसूस करती थीं, क्योंकि उन्हें पता था कि आमिर को कितनी तकलीफ हो रही है, फिर भी वह शॉट को परफेक्ट बनाने के लिए यह सब करते थे।
यह फिल्म करीब 85 करोड़ रुपये में बनी थी, लेकिन इसने दुनिया भर में 700 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई करके इतिहास रच दिया था। यह आमिर खान के उसी लगन और परफेक्शन का नतीजा था।