पश्चिम रेलवे ने अप्रैल 2023 से मार्च 2024 के दौरान 173 करोड़ रुपए जुर्माना वसूला

मुंबई, 8 अप्रैल, (हि. स.)। पश्चिम रेलवे पर सभी मुंबई उपनगरीय लोकल ट्रेनों, मेल/एक्सप्रेस के साथ-साथ पैसेंजर ट्रेनों और हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों में बिना टिकट/अनियमित यात्रियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार गहन टिकट जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत टिकट जांच टीम द्वारा अप्रैल 2023 से मार्च 2024 तक कई टिकट जांच अभियान चलाए गए, जिससे 173.89 करोड़ रुपए की प्राप्ति की गई, जिसमें मुंबई उपनगरीय खंड से प्राप्त 46.90 करोड़ रुपए भी शामिल है।

पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क विभाग से जारी विज्ञप्ति के अनुसार मार्च 2024 के दौरान बिना बुक किए सामान के मामलों सहित 2.75 लाख बिना टिकट/अनियमित यात्रियों से 16.77 करोड़ रुपए की राशि वसूल की गई। इसके अलावा, मार्च महीने में पश्चिम रेलवे ने मुंबई उपनगरीय खंड पर 01 लाख से अधिक मामलों का पता लगाकर 4.80 करोड़ रुपए का जुर्माना प्राप्त किया। एसी लोकल ट्रेनों में अनधिकृत यात्रा को रोकने के लिए नियमित औचक टिकट जांच अभियान चलाए जाते हैं। इन अभियानों के परिणामस्वरूप अप्रैल, 2023 से मार्च, 2024 के दौरान लगभग 60,000 अनधिकृत यात्रियों पर जुर्माना लगाया गया है और जुर्माने के रूप में 200 लाख रुपए वसूल किये गये, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 25% अधिक है।