Weather Attack: रांची में आफत बनकर टूटी बारिश, सड़कें बनी दरिया, घर हुए पानी-पानी

Post

News India Live, Digital Desk: Weather Attack: झारखंड की राजधानी रांची में हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. शहर के कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम विभाग ने पहले ही रांची और झारखंड के 14 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था.

कल रात से हो रही लगातार बारिश ने धुर्वा डैम को पूरी तरह से लबालब कर दिया है और पानी अब डैम के ऊपर से बह रहा है. इस तेज बारिश का असर नगड़ी प्रखंड क्षेत्र में सबसे ज्यादा देखने को मिला, जहाँ कई घरों में पानी घुस गया और नगड़ी के पिस्का में बन रहे रेलवे ओवरब्रिज का एक हिस्सा भी बारिश के तेज बहाव के कारण गिर गया. स्लैब गिरने से सुबह तीन घंटे तक रांची-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर जाम लग गया, जिसके बाद मलबे को हटाकर बड़ी मुश्किल से एक तरफ की सड़क चालू की जा सकी.

बारिश के कारण पिस्का रेलवे ओवरब्रिज, नगड़ी बैंक मुहल्ला और मिडिल स्कूल रोड में कई घरों और दुकानों में पानी घुस गया. टुंडूल रिंग रोड से विधानसभा जाने वाला पुलिया भी बह गया, जिससे सड़क तालाब में बदल गई. लोहरदगा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर सेन्हा प्रखंड के बरही पुल के पास एक विशालकाय पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया इटकी में शुक्रवार रात को हरही गंगा धारा शिव मंदिर पानी में डूब गया और डोला से पोकलो टिकरा गाँव की सड़क भी बह गई.

इतनी भारी बारिश के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी करीब दस घंटे तक ठप रही. इतना ही नहीं, कुछ जगहों से कच्चे मकान गिरने की खबरें भी सामने आई हैं.लगातार पानी बरसने से नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं.