सूर्य की ऊर्जा से आत्मनिर्भर बन रहा उत्तर प्रदेश, महिलाओं-किसानों और उद्यमियों के लिए खुल रहे रोजगार व आय के नए द्वार : केशव प्रसाद मौर्य
केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत उन्होंने सौर ऊर्जा एवं नवीकरणीय ऊर्जा-2026 प्रदर्शनी का उद्घाटन किया तथा प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टालों का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया। उन्होंने सौर ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा, इलेक्ट्रिकल एवं संबंधित क्षेत्रों में विकसित की जा रही आधुनिक तकनीकों, उपकरणों एवं नवाचारों की जानकारी ली। उपमुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सौर ऊर्जा केवल बिजली उत्पादन का माध्यम नहीं, बल्कि गांवों में रोजगार, आय और उद्यमिता बढ़ाने का प्रभावी साधन बन रही है। उत्तर प्रदेश सरकार भी प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप नवीकरणीय ऊर्जा को ग्रामीण विकास और जनकल्याण से जोड़कर आगे बढ़ा रही है।
उपमुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में उपस्थित महिलाओं से विशेष रूप से संवाद किया और सौर ऊर्जा के माध्यम से उनके स्वरोजगार, आजीविका एवं आर्थिक सशक्तिकरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने महिला उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा सौर ऊर्जा को ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का विस्तार केवल बिजली की आवश्यकता पूरी करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रोजगार, स्वरोजगार, निवेश, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण का मजबूत आधार बन रहा है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विशेषज्ञों एवं उद्योग प्रतिनिधियों ने भी उत्तर प्रदेश में सौर एवं नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं और निवेश के अवसरों पर अपने विचार साझा किए।