अखिलेश, राहुल, मायावती, चंद्रशेखर और ओवैसी की राजनीति से भाजपा को कोई चिंता नहीं, श्री मौर्य
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता और जनसमर्थन से विपक्ष घबराया हुआ है। यही कारण है कि भाजपा के खिलाफ सभी विपक्षी दल एकजुट होने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन विपक्ष चाहे जितना गठबंधन बना ले, भाजपा की विजय यात्रा रुकने वाली नहीं है।
श्री मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव, राहुल गांधी, मायावती जी, चंद्रशेखर हों या असदुद्दीन ओवैसी, भाजपा को किसी से कोई चिंता नहीं है। भाजपा का अपना मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और जनता का अपार आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि ‘100 में 60 हमारा है, 40 में बंटवारा है और बंटवारे में भी हमारा है।’ यह जनता के बीच भाजपा के मजबूत जनाधार और विश्वास को दर्शाता है।