2027 में हर बूथ पर कमल खिलेगा, उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने जा रही : श्री मौर्य
श्री मौर्य ने कहा कि जिस समाज ने देश को डॉ. रत्नप्पा जी जैसा महान नेतृत्व दिया, उस समाज के बेटे-बेटियों में भी देश और समाज का नेतृत्व करने की पूरी क्षमता है। प्रजापति समाज सहित प्रत्येक समाज को सम्मान और संगठन से लेकर सदन तक उचित भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पीडीए की बात करते हैं, लेकिन उन्हें बताना चाहिए कि उनके पीडीए में प्रजापति समाज की वास्तविक भागीदारी कहां है?
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार पात्र कुम्हार कारीगरों को निःशुल्क विद्युत चालित चाक उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के माध्यम से अपनी इकाई स्थापित करने के इच्छुक लोगों को ऋण एवं अनुदान की सुविधा दी जा रही है। हमारा संकल्प है कि गांवों में मौजूद हुनर को उचित सम्मान मिले और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जाए। प्रधानमंत्री जी का 'वोकल फॉर लोकल' का संदेश तभी सार्थक होगा, जब हम स्थानीय कारीगरों से मिट्टी के दीये और अन्य उत्पाद खरीदेंगे। इससे उनके घरों में भी खुशहाली और रोशनी पहुंचेगी।
उपमुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सभी कार्यकर्ता और समाज के लोग एकजुट होकर प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने का संकल्प लें। उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाकर विकास, सुशासन और गरीब कल्याण की यात्रा को और गति देनी है। कार्यक्रम में श्री सुरेंद्र कुमार प्रजापति, राष्ट्रीय अध्यक्ष, राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ, श्री लोकेश कुमार प्रजापति पूर्व उपाध्यक्ष राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग भारत सरकार, श्री नवाब सिंह नगर क्षेत्रीय अध्यक्ष पश्चिम क्षेत्र भाजपा, जगतगुरु स्वामी चक्रपाणि महाराज राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंदू महासभा, स्वामी पदम नारायणाचार्य महाराज सहित अन्य माननीय जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्यजन सम्मिलित हुए।