कौशांबी में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों के साथ की विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और भूमि विवादों के प्रभावी समाधान के दिए निर्देश
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज कौशांबी जनपद के मां शीतला अतिथि गृह, सयारा में जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और जनता की समस्याओं एवं शिकायतों का समाधान पूरी संवेदनशीलता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने आईजीआरएस के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि और समस्या के वास्तविक समाधान को प्राथमिकता दी जाए। निस्तारित शिकायतों का सत्यापन भी कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कार्मिक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
श्री मौर्य जी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी से जनपद में पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों की जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए कि सर्वे कराकर ऐसे पात्र लोगों को चिन्हित किया जाए, जो अभी तक पेंशन योजनाओं का लाभ पाने से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने दिव्यांगजनों के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में सर्वे कराकर पात्र दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भी छूटे हुए पात्र परिवारों को चिन्हित कर उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
भूमि विवादों के प्रभावी समाधान और अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश
उपमुख्यमंत्री जी ने कहा कि लंबे समय से एक ही तहसील में तैनात कार्मिकों का नियमानुसार स्थानांतरण किया जाए। उन्होंने भूमि विवादों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ भूमि विवादों का प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें, जिससे विवादों के कारण आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने नियमित रूप से ग्राम चौपालों का आयोजन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी गांवों में पहुंचकर जनता की समस्याओं को सुनें और मौके पर ही यथासंभव समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने अभियान चलाकर चकमार्ग, खलिहान एवं अन्य सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए।
प्रत्येक विकासखंड में स्वयं सहायता समूहों की बड़ी इकाई स्थापित करने पर जोर
श्री मौर्य जी ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक विकासखंड में स्वयं सहायता समूह की बड़ी इकाई स्थापित करने की दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को स्थानीय संसाधनों, उत्पादों और बाजार से जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं।