केशव प्रसाद मौर्य के दिशा-निर्देशों में मॉडल सीएलएफ को स्वावलंबी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल, तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का शुभारंभ
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के दिशा-निर्देशों में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने तथा महिला स्वयं सहायता समूहों के संकुल स्तरीय संघों (सीएलएफ) को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में मॉडल संकुल स्तरीय संघों को स्वावलंबी एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सहायक पर्यवेक्षण कार्यक्रम (NSSF) विषयक तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, बख्शी का तालाब, लखनऊ में हुआ।
मिशन निदेशक श्री अरुण कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के चयनित संकुल स्तरीय संघों को स्वावलंबी मॉडल सीएलएफ के रूप में विकसित करना है, जिससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति मजबूत हो, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिले और संघों के संचालन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो।यह प्रशिक्षण 25 से 27 नवम्बर 2026 तक आयोजित होगा। इसमें NSSF, पर्यवेक्षण व्यवस्था, वित्तीय प्रबंधन, नेतृत्व विकास और संस्थागत क्षमता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण में प्रस्तावित मॉडल सीएलएफ के नोडल ब्लॉक मिशन प्रबंधक, नोडल जिला मिशन प्रबंधक तथा अन्य सहयोगी प्रतिभागी शामिल हुए हैं। इसके अतिरिक्त 10 रिसोर्स पर्सन नामित किए गए हैं। प्रत्येक रिसोर्स पर्सन दो मॉडल सीएलएफ की देखरेख करेंगे तथा क्षेत्र में जाकर संघों को निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करेंगे। मॉडल सीएलएफ ग्रामीण आजीविका मिशन की आधारशिला हैं। इन संघों का स्वावलंबी और सक्षम बनना महिला सशक्तिकरण तथा आत्मनिर्भर गांव की परिकल्पना को साकार करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का प्रभावी ढंग से क्षेत्र में क्रियान्वयन करने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभिलेखों के रखरखाव, आंतरिक ऑडिट और वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।