'दृश्यम 3' से अक्षय खन्ना की विदाई पर बवाल प्रोड्यूसर ने लगाए गंभीर आरोप, भेजा कानूनी नोटिस
News India Live, Digital Desk: अजय देवगन की बहुचर्चित फिल्म 'दृश्यम 3' से अक्षय खन्ना का बाहर होना अब एक बड़े विवाद में बदल गया है. खबर है कि फिल्म के प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक ने अक्षय खन्ना पर 'गैर-पेशेवर' व्यवहार का आरोप लगाते हुए उन्हें कानूनी नोटिस भेजा है. पाठक का कहना है कि अक्षय ने फिल्म छोड़ने का फैसला ऐसे समय में लिया है जब शूटिंग शुरू होने में कुछ ही दिन बाकी थे, जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है.
अक्षय खन्ना के एग्जिट की असली वजह क्या है?
शुरुआती रिपोर्टों में कहा गया था कि अक्षय खन्ना 'दृश्यम 3' से अपनी बढ़ी हुई फीस को लेकर बाहर हुए हैं, जो कथित तौर पर 21 करोड़ रुपये थी. उनके हालिया हिट फिल्मों, 'छावा' और 'धुरंधर' की सफलता के बाद, उन्होंने अपनी फीस में बढ़ोतरी की मांग की थी, लेकिन मेकर्स के मुताबिक यह फिल्म के बजट को बिगाड़ सकती थी.
सिर्फ फीस ही नहीं, खबरों के मुताबिक, अक्षय खन्ना एक विग पहनने पर भी अड़े हुए थे. प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक ने बताया कि 'दृश्यम 2' में अक्षय बिना विग के नजर आए थे, इसलिए 'दृश्यम 3' जो 'दृश्यम 2' से ही आगे बढ़ेगी, उसमें अचानक उनके किरदार का लुक बदलना संभव नहीं था, क्योंकि इससे निरंतरता की समस्या आती. अभिषेक पाठक ने उन्हें समझाने की कोशिश की थी और वे मान भी गए थे, लेकिन बाद में उन्होंने फिर से विग पहनने की बात कही और अंत में फिल्म से बाहर होने का फैसला सुना दिया.
प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक के गंभीर आरोप
कुमार मंगत पाठक ने बॉलीवुड हंगामा से खास बातचीत में अक्षय खन्ना के 'गैर-पेशेवर' व्यवहार पर खुलकर बात की. उन्होंने आरोप लगाया कि अक्षय का सेट पर रवैया 'बिल्कुल जहरीला' (toxic) था. पाठक ने कहा कि उन्होंने अक्षय को 'सेक्शन 375' जैसी फिल्मों में मौका दिया था जब उन्हें काम नहीं मिल रहा था और 'दृश्यम 2' के बाद ही उन्हें बड़े प्रोजेक्ट मिलने शुरू हुए हैं. उन्होंने यह भी दावा किया कि अक्षय खन्ना को स्क्रिप्ट इतनी पसंद आई थी कि उन्होंने इसे '500 करोड़ रुपये की फिल्म' बताया था, उन्होंने समझौता भी किया था, एडवांस भी लिया था, लेकिन शूटिंग शुरू होने से महज 10 दिन पहले उन्होंने फिल्म छोड़ दी.
प्रोड्यूसर ने साफ कर दिया है कि वह इस बर्ताव से हुए नुकसान के लिए कानूनी कार्रवाई करेंगे और अक्षय खन्ना को कानूनी नोटिस भेजा जा चुका है, जिसका जवाब अभी नहीं मिला है. कुमार मंगत पाठक ने यह भी पुष्टि की कि अब अक्षय खन्ना की जगह जयदीप अहलावत को कास्ट कर लिया गया है, और उनका मानना है कि जयदीप अक्षय से बेहतर एक्टर और बेहतर इंसान हैं.
'दृश्यम 3' की रिलीज डेट 2 अक्टूबर 2026 तय की गई है, और अब इस कास्टिंग चेंज के साथ यह फिल्म और भी सुर्खियों में आ गई है.