UPI पेमेंट अब होगा आसान: बिना पिन के चेहरे या उंगली से करें ट्रांजेक्शन, Google Pay, PhonePe, Paytm में आ रहा नया फीचर
UPI Payment Biometric Feature: डिजिटल भुगतान की दुनिया में एक नई क्रांति आने वाली है। नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने UPI यूजर्स के लिए एक नया फीचर पेश किया है, जिससे अब UPI पेमेंट करना और भी आसान हो जाएगा। इस फीचर की खास बात यह है कि अब यूजर्स को पेमेंट के लिए पिन डालने की जरूरत नहीं होगी। बस अपना चेहरा दिखाएं या फिंगरप्रिंट स्कैन करें और ट्रांजेक्शन पूरा!
यह नया बायोमेट्रिक फ़ीचर जल्द ही गूगल पे, फोनपे, पेटीएम जैसे लोकप्रिय यूपीआई ऐप्स में उपलब्ध होगा। इस फ़ीचर का इस्तेमाल करके यूज़र्स 5000 रुपये तक का लेन-देन कर सकेंगे। यह फ़ीचर खासतौर पर दुकानों पर खरीदारी, बिलों का भुगतान या रोज़मर्रा के खर्चों जैसे छोटे-बड़े लेन-देन के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
यह सुविधा कैसे काम करेगी?
एनपीसीआई का यह नया फीचर इस्तेमाल करना बेहद आसान है। यूजर्स को पेमेंट के लिए अपना यूपीआई ऐप खोलना होगा और कॉन्टैक्ट या क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। इसके बाद उन्हें पेमेंट अमाउंट डालना होगा और बैंक अकाउंट चुनना होगा। आमतौर पर इस स्टेप के बाद उन्हें पिन डालना होता है, लेकिन अब यूजर्स को बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन का विकल्प मिलेगा। इस विकल्प को चुनकर यूजर्स फेस स्कैन या फिंगरप्रिंट के जरिए पेमेंट पूरा कर सकेंगे। यह फीचर आधार कार्ड की बायोमेट्रिक जानकारी जैसे फेशियल रिकग्निशन, रेटिना स्कैन या फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल करेगा, जिससे ट्रांजेक्शन ज्यादा सुरक्षित और तेज हो जाएगा।
भुगतान भी स्मार्ट ग्लास के माध्यम से किया जाएगा
एनपीसीआई ने एक नया फीचर भी पेश किया है जिसके ज़रिए यूज़र्स स्मार्ट ग्लास की मदद से भी यूपीआई पेमेंट कर सकेंगे। यह फीचर खासतौर पर उन टेक-सेवी यूज़र्स के लिए उपयोगी होगा जो नई तकनीक का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं।
इस सुविधा का क्या लाभ होगा?
यह नया बायोमेट्रिक फ़ीचर यूज़र्स को बार-बार पिन डालने के झंझट से बचाएगा। साथ ही, यह फ़ीचर छोटे लेन-देन के लिए तेज़ और आसान होगा। एनपीसीआई और आरबीआई का लक्ष्य डिजिटल भुगतान को और ज़्यादा सुरक्षित और यूज़र-फ्रेंडली बनाना है, और यह फ़ीचर इसी दिशा में एक अहम कदम है। यह फ़ीचर जल्द ही रोलआउट हो जाएगा, और यूज़र्स गूगल पे, फ़ोनपे, पेटीएम जैसे ऐप्स में इस नई सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। यह नया फ़ीचर डिजिटल भुगतान की दुनिया में यूज़र के अनुभव को और भी सरल और सुविधाजनक बनाएगा।