Time management for Working Women:मां बनने के बाद करियर की दूसरी पारी, ये 3 क़दम बदल देंगे आपकी दुनिया
ज़िंदगी में माँ बनना शायद सबसे ख़ूबसूरत एहसास होता है. लेकिन इस ख़ूबसूरती के साथ आती हैं ढेरों ज़िम्मेदारियां, जिनके लिए कई बार महिलाएं अपने बने-बनाए करियर को एक लंबे ब्रेक पर रख देती हैं. और फिर जब कुछ सालों बाद बच्चे बड़े हो जाते हैं, तो एक ख़याल मन में दोबारा दस्तक देता है- अपने करियर को फिर से शुरू करने का.
यह ख़याल जितना रोमांचक होता है, उतना ही डरावना भी. मन में हज़ारों सवाल उठते हैं- "क्या मैं अब भी पहले की तरह काम कर पाऊँगी?", "इतने सालों में तो सब कुछ बदल गया होगा!", "इंटरव्यू में अपने करियर गैप के बारे में क्या कहूँगी?", "क्या मुझे कोई नौकरी देगा भी?"
अगर आप भी इसी कशमकश से गुज़र रही हैं, तो यकीन मानिए, आप अकेली नहीं हैं. यह करियर की दूसरी पारी शुरू करने का मौक़ा है, और थोड़ी-सी सही तैयारी के साथ आप इसे पहले से भी ज़्यादा शानदार बना सकती हैं. बस इन तीन बातों को गांठ बांध लीजिए.
1. दुनिया बदल गई है, तो आप भी बदलिए (स्किल्स को करें अपडेट)
जब आपने काम छोड़ा था, और आज के समय में ज़मीन-आसमान का फ़र्क़ आ चुका है. टेक्नोलॉजी और काम करने के तरीक़े बहुत तेज़ी से बदले हैं. इसलिए सबसे पहला और ज़रूरी क़दम है अपनी स्किल्स को आज के ज़माने के हिसाब से अपडेट करना.
- पता लगाएं कि नया क्या है: अपनी फील्ड से जुड़ी कंपनियों और लोगों को ऑनलाइन फ़ॉलो करें. देखें कि आजकल कौन-से नए सॉफ्टवेयर या स्किल्स की डिमांड है.
- ऑनलाइन कोर्स हैं आपके सबसे अच्छे दोस्त: घर बैठे-बैठे आप अपनी फील्ड से जुड़े कई ऑनलाइन कोर्स कर सकती हैं. ये न सिर्फ़ आपकी जानकारी बढ़ाएंगे, बल्कि आपके बायोडाटा को भी मज़बूत बनाएंगे. इससे इंटरव्यू लेने वाले को यह संदेश जाएगा कि आप सीखने के लिए हमेशा तैयार रहती हैं.
2. संपर्कों की धूल झाड़िए (नेटवर्किंग है ज़रूरी)
कई बार हम सिर्फ़ ऑनलाइन जॉब पोर्टल्स के भरोसे बैठे रहते हैं, जो कि सबसे बड़ी ग़लती है. आपकी सबसे बड़ी ताक़त हैं आपके पुराने संपर्क.
- पुराने साथियों से बात करें: अपने पुराने बॉस या सहकर्मियों को एक मैसेज करें. उन्हें बताएं कि आप अब दोबारा काम शुरू करने का सोच रही हैं. हो सकता है कि उनकी कंपनी में ही आपके लिए कोई जगह हो, या वे आपको किसी और अच्छी जगह के बारे में बता सकें.
- लिंक्डइन का सही इस्तेमाल करें: अपनी लिंक्इन् प्रोफ़ाइल को अपडेट करें. लोगों से कनेक्ट करें. यह दिखाने का सबसे अच्छा तरीक़ा है कि आप प्रोफ़ेशनली दोबारा एक्टिव हो चुकी हैं.
3. गैप को 'ब्लैक होल' नहीं, अपनी ताक़त बनाइए
यह वो सवाल है जिससे हर महिला डरती है- "आपने इतने साल काम क्यों नहीं किया?" इस सवाल का जवाब डरकर या शर्मिंदा होकर नहीं, बल्कि पूरे आत्मविश्वास के साथ देना है.
- सच बोलें, लेकिन स्मार्ट तरीक़े से: इंटरव्यू में साफ़-साफ़ बताएं कि आपने यह ब्रेक अपनी पारिवारिक ज़िम्मेदारियों और बच्चे की परवरिश के लिए लिया था. इसे अपनी कमज़ोरी की तरह पेश न करें.
- इसे एक सकारात्मक मोड़ दें: आप कह सकती हैं, "यह ब्रेक मेरे लिए बहुत ज़रूरी था, और इस दौरान मैंने टाइम मैनेजमेंट और मल्टीटास्किंग जैसे कई हुनर सीखे. अब मैं अपने करियर पर नए सिरे से और पूरी ऊर्जा के साथ फ़ोकस करने के लिए तैयार हूँ."
याद रखिए, आपने अपनी ज़िंदगी के कुछ साल अपने परिवार को दिए हैं, यह कोई गुनाह नहीं है. यह आपकी ज़िंदगी का एक हिस्सा है. तो डरिए मत, अपनी दूसरी पारी की शुरुआत पूरे जोश और तैयारी के साथ कीजिए. यह सिर्फ़ एक नौकरी नहीं, आपकी पहचान की नई शुरुआत है.