आंतों में जमा गंदगी को बाहर निकाल देगा ये जूस

हम सभी स्वस्थ रहना चाहते हैं और इसके लिए काफी प्रयास भी करते हैं। लेकिन, कई बार सही जानकारी के अभाव में हमारी कोशिशें सफल नहीं हो पातीं और बीमारियां हमें घेर लेती हैं। शरीर को सही तरीके से काम करने और बीमारियों से बचाने के लिए हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता का मजबूत होना जरूरी है। इसके साथ ही शरीर में कई विटामिन, मिनरल और हार्मोन का स्तर सही होना चाहिए। बीमारियों से सुरक्षित रहने के लिए शरीर का टॉक्सिन फ्री रहना जरूरी है। जब शरीर में टॉक्सिन जमा होने लगते हैं तो गट हेल्थ खराब हो जाती है, इसका सीधा असर हमारी सेहत और वजन पर पड़ता है। एक्सपर्ट बताते हैं कि शरीर को डिटॉक्स करने, गट को हेल्दी रखने और वजन कम करने में यह खास जूस काफी कारगर है। पेठे की मिठाई तो आपने अक्सर खाई होगी, लेकिन इसका जूस शायद ही कभी पिया होगा। आपको बता दें कि इसका जूस गुणों से भरपूर है और सेहत के लिए काफी फायदेमंद है। इस बारे में जानकारी दे रही हैं डाइटिशियन मनोली मेहता। वह सर्टिफाइड डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट हैं।

पेठे का जूस सेहत के लिए फायदेमंद 

  • विशेषज्ञों के अनुसार पेठे का जूस स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसमें 96 प्रतिशत पानी होता है।
  • इस जूस में विटामिन सी भी भरपूर मात्रा में होता है। इसे पीने से रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है।
  • पेठे के जूस में एंटी-ऑक्सीडेंट भी भरपूर मात्रा में होते हैं। इसमें कैरोटीनॉयड और फ्लेवोनॉयड नामक एंटी-ऑक्सीडेंट पाए जाते हैं और ये डायबिटीज और दिल की बीमारियों से बचाते हैं।
  • यह जूस क्षारीय है, शरीर को हाइड्रेट रखता है, शरीर से विषैले पदार्थ निकालता है और आंत के स्वास्थ्य के लिए अच्छा है।
  • इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। यह जूस सूजन को कम करता है।
  • इस जूस में मैग्नीशियम, विटामिन सी, बी कॉम्प्लेक्स, कैल्शियम और आयरन प्रचुर मात्रा में पाया जाता है।

पेठे का जूस कैसे तैयार करें?

आवश्यक सामग्री

  • पेठे के टुकड़े – आधा कप
  • धनिया पत्ती – एक मुट्ठी
  • अदरक का टुकड़ा – 1 इंच
  • नींबू का रस- 1 बड़ा चम्मच
  • जीरा पाउडर – चौथाई चम्मच
  • काला नमक – चौथाई चम्मच
  • पानी- 1 कप

तैयार करने की विधि

  • सब कुछ अच्छी तरह से मिलाएं।
  • इसे छान लें और ताजा पी लें।
  • इसे सुबह खाली पेट पीना ज्यादा फायदेमंद होगा।

नोट-  अगर आपको किसी सब्जी या फल से एलर्जी है तो अपने आहार में कोई भी नई चीज शामिल करने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।