वे कहते हैं झारखंड झुकेगा नहीं हमारा कहना है झारखंड लुटेगा नहीं: सुदेश महतो

रांची/गिरिडीह, 13 मार्च (हि. स.)। आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि संयुक्त बिहार में जब आंदोलनकारियों पर लाठियां चलती थी तब भी झामुमो उसी कांग्रेस- राजद के साथ मिल कर झारखंड के लूट में शामिल था और आज भी लूट जारी है। झामुमो वाले कहते हैं झारखंड झुकेगा नहीं, तो एक नारा हमारा भी है कि झारखंड लुटेगा नहीं। उनकी लूट और झूठ का सिलसिला अब खत्म करना है।

महतो बुधवार को गिरिडीह लोकसभा स्तरीय ग्राम प्रभारी सम्मेलन में बोल रहे थे। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण किया। मौके पर कांग्रेस और झामुमो के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आजसू पार्टी का दामन थामा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नाकामियों, गलत नीतियों और अराजकता के चलते राज्य में निराशाजनक माहौल है। ऐसे अराजकता से राज्य को बाहर निकालने में पार्टी के कार्यकर्ता की भूमिका पर सबकी नजर है।