FIFA World Cup 2026: फुटबॉल इतिहास में ब्राजील का महा-रिकॉर्ड, जर्मनी को पछाड़कर ऑल-टाइम गोल रैंकिंग में बना नंबर-1

FIFA World Cup 2026: फुटबॉल इतिहास में ब्राजील का महा-रिकॉर्ड, जर्मनी को पछाड़कर ऑल-टाइम गोल रैंकिंग में बना नंबर-1

यूएसए, मेक्सिको और कनाडा की मेजबानी में खेले जा रहे फीफा विश्व कप 2026 (FIFA World Cup 2026) से फुटबॉल फैंस के लिए एक बेहद ऐतिहासिक खबर सामने आई है. 48 टीमों के इस महाकुंभ के बीच ब्राजील की नेशनल फुटबॉल टीम ने वर्ल्ड कप इतिहास में एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जहां आज तक कोई नहीं पहुंच सका. ब्राजील ऑल-टाइम फीफा विश्व कप गोल रैंकिंग में दुनिया की नंबर वन टीम बन गई है. पीली जर्सी वाली सांबा ब्रिगेड के नाम अब विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा 246 गोल दर्ज हो चुके हैं. इस मामले में ब्राजील ने अपनी सबसे बड़ी प्रतिद्वंदी टीम जर्मनी (243 गोल) को पीछे छोड़ते हुए बादशाहत हासिल की है.

अर्जेंटीना और फ्रांस टॉप-5 में शामिल

फीफा विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल दागने वाली टॉप टीमों की बात करें, तो इस लिस्ट में नंबर 3 पर डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना का नाम है, जिसने अब तक 163 गोल किए हैं. वहीं, फ्रांस 150 गोल के साथ चौथे स्थान पर और चार बार की चैंपियन इटली 128 गोल के साथ पांचवें पायदान पर काबिज है.

5 बार की विश्व चैंपियन का अनोखा इतिहास

ब्राजील की टीम फुटबॉल इतिहास की सबसे सफल और सम्मानित टीम मानी जाती है. महान खिलाड़ी पेले के सुनहरे दौर से लेकर रोनाल्डो, रोनाल्डिन्हो और आज के दौर में नेमार तक, ब्राजील ने दुनिया को हमेशा आक्रामक और जादुई फुटबॉल का दीवाना बनाया है. ब्राजील ने रिकॉर्ड 5 बार (1958, 1962, 1970, 1994 और 2002) फीफा विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की है. इसके अलावा, ब्राजील दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है जिसने आज तक आयोजित हुए हर एक फीफा विश्व कप टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया है.

फीफा विश्व कप 2026: जापान के खिलाफ हुआ 'ग्रेट एस्केप'

इस साल मेगा टूर्नामेंट में ब्राजील का सफर उतार-चढ़ाव से भरा लेकिन बेहद रोमांचक रहा है. टीम ने ग्रुप-सी में मोरक्को के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलकर शुरुआत की थी. इसके बाद दमदार वापसी करते हुए हैती को 3-0 और स्कॉटलैंड को 3-0 से करारी शिकस्त दी.

राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में जापान ने ब्राजील को कड़ी टक्कर दी थी, जहां पहले हाफ में जापान के काइशू सानो ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी थी. इसके बाद ब्राजील के लिए अनुभवी कैसिमिरो ने 56वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर किया. मैच जब एक्स्ट्रा टाइम की ओर बढ़ रहा था, तभी इंजरी टाइम (95वें मिनट) में गेब्रियल मार्टिनेली ने एक जाजुई गोल दागकर ब्राजील को 2-1 से थ्रिलर जीत दिलाई और सीधे राउंड ऑफ 16 का टिकट कटाया.

अब राउंड ऑफ 16 में नॉर्वे से महामुकाबला

जापान के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज करने के बाद 5 बार की चैंपियन ब्राजीलियाई टीम अब राउंड ऑफ 16 के बड़े मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है. 6 जुलाई को ब्राजील का सामना नॉर्वे से होगा. यह हाई-वोल्टेज नॉकआउट मुकाबला न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां ब्राजील की नजरें अपने छठे वर्ल्ड कप खिताब की ओर कदम बढ़ाने पर होंगी.

Latest Posts