BREAKING:
March 29 2026 04:55 am

श्रेयस अय्यर एशिया कप 2025 टीम में नहीं चुने गए: पिता ने अपनी भावुक प्रतिक्रिया साझा की

Post

श्रेयस अय्यर, जो आईपीएल में अपने शानदार प्रदर्शन और कप्तानी के लिए जाने जाते हैं, वो एशिया कप 2025 के स्क्वाड में अपनी जगह बनाने में नाकाम रहे हैं। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा है कि टीम में कोई खाली जगह नहीं थी, और यह फैसला श्रेयस के प्रदर्शन या उनकी गलती पर आधारित नहीं था।

यह खबर सुनकर श्रेयस अय्यर के पिता, संतोष अय्यर, काफी निराश हुए हैं। उन्होंने निराशा जताते हुए कहा, "मुझे समझ नहीं आता कि श्रेयस को भारतीय टी20 टीम में जगह बनाने के लिए और क्या करना होगा। वह आईपीएल में हर साल लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, चाहे वह दिल्ली कैपिटल्स हो, कोलकाता नाइट राइडर्स या पंजाब किंग्स। कप्तान के तौर पर भी उसका रिकॉर्ड शानदार रहा है। 2024 में उसने KKR को आईपीएल चैंपियन बनाया और इस साल पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया।"

संतोष अय्यर ने आगे कहा, "मैं यह नहीं कह रहा कि उसे भारतीय टीम का कप्तान बनाया जाए, लेकिन कम से कम उसे टीम में तो शामिल किया जाना चाहिए। जब उसे टीम से बाहर किया जाता है, तो वह कोई नाराजगी नहीं दिखाता। वह बस इतना कहता है, 'यह मेरी किस्मत है, मैं कुछ नहीं कर सकता।' वह हमेशा शांत और संयमित रहता है, किसी को दोष नहीं देता। लेकिन अंदर से वह निराश है।"

बता दें कि श्रेयस अय्यर ने भारत के लिए 51 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें उनका औसत 30.66 और स्ट्राइक रेट 136.12 का रहा है। उन्होंने कुल 1,104 रन बनाए हैं। उनका आखिरी टी20 मैच दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में खेला गया था, जहाँ उन्होंने मैच जिताऊ अर्धशतक लगाया था।

इसके बाद, वह टेस्ट टीम में खेले, लेकिन चोटिल हो गए और टीम से बाहर हो गए। चोट के कारण उन्होंने एक रणजी मैच छोड़ दिया था, जिसके बाद कथित तौर पर उनका सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट भी छिन गया था, क्योंकि बीसीसीआई को लगा कि उन्होंने जानबूझकर मैच छोड़ा है। पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर ने भी इस चयन पर सवाल उठाते हुए कहा है कि ऐसा लग रहा है कि श्रेयस को अब टी20 क्रिकेट के लिए नहीं सोचा जा रहा है।