Shakira India Tour 2026: 19 साल बाद भारत लौट रहीं 'वाका-वाका' गर्ल शकीरा! दिल्ली-मुंबई में मचेगा धमाल, जानें कब और कैसे बुक करें टिकट

Post

नई दिल्ली/मुंबई। लैटिन पॉप की मल्लिका और अपने डांस मूव्स से पूरी दुनिया को दीवाना बनाने वाली कोलंबियाई सिंगर शकीरा (Shakira) के भारतीय फैंस के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी है। ग्रैमी अवॉर्ड विनर और अपने नाम कई गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज कर चुकीं शकीरा पूरे 19 साल बाद भारत में वापसी करने जा रही हैं। अगर आप भी 'हिप्स डोंट लाई' (Hips Don't Lie) और 'वाका वाका' (Waka Waka) जैसे गानों पर थिरकने के लिए बेताब हैं, तो अपनी कमर कस लीजिए। शकीरा इस साल अप्रैल में दिल्ली और मुंबई में अपने लाइव कॉन्सर्ट से तहलका मचाने आ रही हैं।

19 साल बाद भारत में शकीरा का महा-कमबैक

शकीरा का यह दौरा भारतीय फैंस के लिए किसी बड़े जश्न से कम नहीं है। इससे पहले उन्होंने साल 2007 में अपने 'ओरल फिक्सेशन टूर' के दौरान मुंबई में शानदार प्रस्तुति दी थी, जिसकी यादें आज भी संगीत प्रेमियों के जेहन में ताजा हैं। इस बार वह 10 अप्रैल 2026 को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में और 15 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में परफॉर्म करेंगी। शकीरा के इस मेगा इवेंट के साथ ही भारत अब वैश्विक लाइव म्यूजिक के नक्शे पर एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।

म्यूजिक के साथ जुड़ा है एक बेहद नेक मकसद

अपने इस ऐतिहासिक दौरे की घोषणा करते हुए शकीरा ने बेहद भावुक संदेश दिया। उन्होंने कहा, "भारत में परफॉर्म करना मेरे लिए हमेशा से एक खास अनुभव रहा है। मैं दिल्ली और मुंबई में अपने फैंस से दोबारा जुड़ने के लिए बेहद उत्साहित हूं।" दिलचस्प बात यह है कि इस कॉन्सर्ट का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन नहीं है। शकीरा ने बताया कि इस टूर का मुख्य लक्ष्य हर बच्चे को स्वस्थ जीवन जीने के लिए जरूरी पोषण उपलब्ध कराने के प्रति लोगों को एकजुट करना है। यह भव्य आयोजन 'फीडिंग इंडिया' (Feeding India) एनजीओ और जोमैटो के 'डिस्ट्रिक्ट' (District) प्लेटफॉर्म के सहयोग से किया जा रहा है।

कमाई और रिकॉर्ड्स के मामले में सबसे आगे हैं शकीरा

दुनिया भर में 10 करोड़ से ज्यादा रिकॉर्ड बेच चुकीं शकीरा इतिहास की सबसे ज्यादा बिकने वाली महिला लैटिन कलाकार हैं। बिलबोर्ड ने उन्हें दो बार दशक की सर्वश्रेष्ठ महिला लैटिन आर्टिस्ट के खिताब से नवाजा है। 'शी वुल्फ' और 'व्हेनेवर, व्हेरेवर' जैसे उनके गाने आज भी ग्लोबल प्लेलिस्ट पर राज करते हैं। हाल ही में उनके 'लास मुजेरेस या नो लोरान' (Las Mujeres Ya No Lloran) टूर ने सबसे ज्यादा कमाई करने वाले लैटिन आर्टिस्ट टूर का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है।

कब, कहां और कैसे बुक करें कॉन्सर्ट के टिकट?

अगर आप शकीरा के इस लाइव कॉन्सर्ट का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो टिकट बुकिंग की इन तारीखों को अपने कैलेंडर में मार्क कर लें।

इस इवेंट के टिकट विशेष रूप से जोमैटो के 'डिस्ट्रिक्ट' (District) ऐप और वेबसाइट पर ही उपलब्ध होंगे।

एचएसबीसी (HSBC) क्रेडिट कार्डधारकों को टिकट खरीदने में 'अर्ली बर्ड' का फायदा मिलेगा। उनके लिए टिकटों की प्री-सेल 27 फरवरी को दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 1 मार्च दोपहर 12 बजे तक (48 घंटे के लिए) चलेगी।

वहीं, आम जनता के लिए टिकटों की जनरल सेल 1 मार्च को दोपहर 1 बजे से लाइव कर दी जाएगी।