अमेरिका में स्कूल का जश्न बना मातम का मैदान, Homecoming पार्टी में अंधाधंध गोलीबारी में 4 की मौत, 12 घायल

Post

मिसिसिपी: अमेरिका के मिसिसिपी राज्य से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां स्कूल का जश्न अचानक मातम में बदल गया। लेलैंड शहर में हाई स्कूल के 'होमकमिंग' समारोह के दौरान हुई अंधाधंध फायरिंग में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। इस घटना ने पूरे शहर को सदमे में डाल दिया है।

क्या है पूरा मामला?

यह दर्दनाक घटना शनिवार तड़के लेलैंड शहर की मुख्य सड़क पर हुई। यहां लेलैंड हाई स्कूल के 'होमकमिंग वीकेंड' के मौके पर एक फुटबॉल मैच के बाद जश्न के लिए भारी भीड़ जमा हुई थी। मेयर जॉन ली के मुताबिक, लोग जश्न में डूबे हुए थे कि तभी आधी रात के करीब अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी, जिससे वहां भगदड़ और चीख-पुकार मच गई।

पुलिस को 18 साल के लड़के की तलाश

जेस्पर काउंटी शेरिफ कार्यालय ने बताया कि इस गोलीबारी में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में से चार की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए एक 18 वर्षीय लड़केकी तलाश शुरू कर दी है और उसकी तस्वीर जारी की है। शेरिफ कार्यालय ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास इस लड़के या घटना के बारे में कोई भी जानकारी है, तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

फिलहाल, पुलिस यह जांच कर रही है कि इस घातक गोलीबारी के पीछे की वजह क्या थी। इस घटना ने अमेरिका में गन कल्चर और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर एक बार फिर से गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

--Advertisement--