Android और iOS को कहें अलविदा! आ गया Linux पर चलने वाला यह अनोखा फोन, प्राइवेसी है सबसे बड़ी खासियत
आज अगर आप बाजार में कोई भी नया स्मार्टफोन लेने जाएं, तो आपके पास सिर्फ दो ही रास्ते होते हैं - या तो आप गूगल का एंड्रॉयड लेंगे या फिर एप्पल का iOS. वो दिन लद गए जब ब्लैकबेरी और विंडोज जैसे फोन भी शान से चला करते थे. लेकिन अगर आप भी एंड्रॉयड और iOS की इस दुनिया से बोर हो गए हैं और कुछ बिल्कुल नया आज़माना चाहते हैं, तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है. फिनलैंड की कंपनी Jolla एक ऐसा स्मार्टफोन लेकर आई है, जो इन सबसे अलग Linux ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है.
अगर आपको Jolla नाम सुना-सुना सा लग रहा है, तो आप सही हैं. यह वही कंपनी है जिसने 2013 में Sailfish OS वाला फोन लॉन्च करके टेक्नोलॉजी की दुनिया में हलचल मचा दी थी. अब कंपनी एक नए और बेहतर डिवाइस Jolla Phone के साथ वापस आई है, जो पिछले मॉडल से हर मामले में एक कदम आगे है.
आपकी जासूसी नहीं करता यह फोन!
Jolla Phone कंपनी के अपने Sailfish OS 5 पर चलता है, जो Linux पर आधारित है. कंपनी का दावा है कि उनका सॉफ्टवेयर आपकी किसी भी तरह की जासूसी या डेटा कलेक्शन नहीं करता. उनकी बातों पर यकीन करें तो, Sailfish OS में न कोई ट्रैकर है, न बैकग्राउंड में आपका डेटा इकट्ठा होता है, और न ही कहीं गूगल प्ले सर्विसेज छिपी हुई हैं.
यह उन लोगों को बहुत पसंद आ सकता है जो अपनी डिजिटल जिंदगी पर पूरा कंट्रोल रखना चाहते हैं और बड़ी टेक कंपनियों की डेटा इकट्ठा करने की आदतों से परेशान हैं.
तो फिर सवाल उठता है कि इसमें ऐप्स कैसे चलेंगे?
सच तो यही है कि आज एंड्रॉयड और iOS का राज सिर्फ और सिर्फ ऐप्स की वजह से है. विंडोज फोन जैसे कई अच्छे प्लेटफॉर्म सिर्फ इसलिए बाजार से बाहर हो गए क्योंकि उनके पास ऐप्स की कमी थी. Jolla इस बात को अच्छी तरह समझता है, इसीलिए उन्होंने अपने फोन में एंड्रॉयड ऐप्स चलाने की सुविधा दी है.
जी हाँ, आप Jolla AppSupport की मदद से इस फोन में अपनी पसंदीदा एंड्रॉयड ऐप्स चला सकते हैं. और अगर आप प्राइवेसी को लेकर और भी सतर्क हैं, तो जरूरत पड़ने पर एंड्रॉयड से जुड़े सभी कंपोनेंट्स को बंद भी कर सकते हैं.
इतना ही नहीं, फोन के साइड में एक फिजिकल प्राइवेसी स्विच दिया गया है. इस एक बटन से आप कैमरा, माइक, ब्लूटूथ और सारे सेंसर तुरंत बंद कर सकते हैं. यह दिखाता है कि कंपनी प्राइवेसी को लेकर कितनी गंभीर है.
Jolla फोन के दमदार फीचर्स
- डिस्प्ले: 6.36-इंच FHD AMOLED
- रैम: 12GB
- स्टोरेज: 256GB (इसे मेमोरी कार्ड से 2TB तक बढ़ा सकते हैं)
- कैमरा: 50MP मेन + 13MP अल्ट्रावाइड
- बैटरी: 5,500mAh
- ऑपरेटिंग सिस्टम: Sailfish OS 5
कितनी है इस अनोखे फोन की कीमत?
Jolla Phone फिलहाल प्री-ऑर्डर पर उपलब्ध है. इसे बुक करने के लिए ग्राहकों को पहले €99 (लगभग ₹10,409) एडवांस देने होंगे. फोन की कुल प्री-ऑर्डर कीमत €499 (करीब ₹52,465) है. जब यह पूरी तरह से बाजार में आएगा, तो इसकी कीमत €599 से €699 (लगभग ₹62,980 से ₹73,495) के बीच हो सकती है.
हालांकि, कंपनी ने अभी तक भारत में इसकी कीमत या लॉन्च को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है. पर यह उन लोगों के लिए एक रोमांचक विकल्प है जो स्मार्टफोन की भीड़ से कुछ अलग और सुरक्षित चाहते हैं.