मोदी कार्यकाल में बॉर्डर तक सुदृढ़ हुई सड़क और संचार सेवाएं : जयराम ठाकुर

मंडी, 19 अप्रैल (हि.स.)। नेता विपक्ष जय राम ठाकुर ने कहा है कि पहाड़ी प्रदेश हिमाचल में विकास की रफ्तार बढ़ाने का श्रेय केंद्र की भाजपा सरकार को ही जाता है जबकि इतने वर्षों तक कांग्रेस ने राज किया लेकिन प्रदेश विकास को हमेशा तरसता ही रहा। पूर्व में जब श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी की सरकार केंद्र में रही तो हिमाचल को विशेष आर्थिक पैकेज मिला और विकास कार्यों में कभी विराम नहीं लगा।

उन्होने कहा कि इसके बाद यूपीए की दस वर्षों तक केंद्र में सरकार रही तो हिमाचल को छोटा राज्य बोलकर न केवल विकास में भेदभाव हुआ बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बाबजूद यहां के प्रमुख नेताओं को दिल्ली में मिलने तक का समय नहीं दिया जाता था। तत्कालीन मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह के साथ ऐसा कई बार हुआ है। यही नहीं उनके कार्यकाल में केवल एक बार प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह हिमाचल आए और वो भी केवल चुनावी जनसभा करने जबकि दूसरी ओर 2014 के बाद जब से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने हैं उन्होंने हिमाचल को अपना घर बताकर विकास में कोई कमी नहीं आने दी।

जय राम ने कहा कि मोदी ने न केवल अटल टनल रोहतांग का रिकार्ड समय में निर्माण पूरा करवाकर कबायली जिला लाहौल स्पीति को देश से 12 महीने यातायात से जोड़ने का नया कीर्तिमान स्थापित किया है वहीं अब आजादी के आठ दशकों बाद स्पीति के उस हिस्से में भी मोबाइल की घंटी बजा दी है जहां इतने वर्षों तक केंद्र में राज करने वाली कांग्रेस संचार सेवा भी नहीं पहुंचा पाई थी।

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्पीति वासियों को बधाई देते हुए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि गत दिन स्पीति के गिउ गांव वासियों से प्रधानमंत्री ने मोबाइल पर बात कर अपनी विकास प्रतिबद्धता को दिखाया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा विकास में हिमाचल के साथ भेदभाव किया है जबकि भाजपा सरकार जब भी केंद्र में आई तो बिना भेदभाव के विकास की रफ्तार को आगे बढ़ाया है। आज चारों तरफ़ फोरलेन का निर्माण हो रहा है। दिल्ली से जहां पहले 12 से 14 घंटे शिमला या मनाली के लिए लगते थे आज मात्र छः से सात घंटों का वक्त सड़क मार्ग से लग रहा है। सीमांत गांव में भी सड़क और संचार सेवाएं सुदृढ़ हुई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है और आने वाले पांच वर्षों में देश कहां दसवीं से तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनकर उभरेगा वहीं हिमाचल प्रदेश भी केंद्र की मदद से अग्रणी राज्यों में शुमार होगा।

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को सराज, बल्ह और सदर मंडी में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लिया और जनता से संवाद किया।